दक्षिण दिल्ली में एक घर में लगी आग, सुरक्षित निकाले गए 5 लोग

Summary :

ग्रेटर कैलाश-2 में एक इमारत की पहली मंजिल में आग लगी और इससे ऊपर की मंजिल में रह रहे लोग अंदर फंस गए। दूसरी मंजिल से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में एक घर में रविवार तड़के आग लग गई। घटना में  पांच लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि आग लगने के बारे में सुबह चार बजकर 18 मिनट पर सूचना मिली और दमकल की चार गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। 
उन्होंने बताया कि ग्रेटर कैलाश-2 में एक इमारत की पहली मंजिल में आग लगी और इससे ऊपर की मंजिल में रह रहे लोग अंदर फंस गए। एक वरिष्ठ दमकल अधिकारी ने बताया कि दूसरी मंजिल से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनकी पहचान शिवानी (27), भारत (35), नवनीत (31), सी आर राम (60) और रोमिल (57) के रूप में हुई है। 
उन्होंने बताया कि एक अन्य घटना में राष्ट्रीय राजधानी के शास्त्री पार्क इलाके में शनिवार देर रात भयंकर आग लग गई। डीएफएस को देर रात 12 बजकर 45 मिनट पर शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन के पास विजय कोर्ट में फर्नीचर मार्केट में आग लगने की सूचना मिली। अधिकारी ने बताया कि दमकल की 27 गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। घटना में करीब 200 दुकानें जलकर खाक हो गई। 

Desk Team