गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और गुजरात भाजपा के प्रमुख सीआर पाटिल के पत्र मिलने के ठीक एक दिन बाद राज्य के चुनाव आयुक्त संजय प्रसाद ने गांधीनगर के स्थानीय निकाय के चुनावों को रोकने का फैसला किया है। गांधीनगर नगर निगम (जीएमसी) के चुनाव 18 अप्रैल को होने थे। चुनाव आयुक्त ने अपने आदेश में कहा है, विभिन्न दलों, संगठनों के प्रतिनिधियों की मांग और कोरोना प्रकोप की मौजूदा स्थिति को देखते हुए एसईसी ने चुनाव कराने को अनुचित माना है।
चुनाव की लंबी प्रक्रिया से राजनीतिक दलों और सरकार के बहुत सारे लोग कोरोना वायरस के संपर्क में आएंगे और इतने लोगों के स्वास्थ्य को संकट में डालना ठीक नहीं लगता है। गुजरात और गांधीनगर नगर निगम में वर्तमान स्थिति असामान्य और असाधारण है। एसईसी का मानना है कि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, न्यायपूर्ण और निडर तरीके से होने चाहिए। लेकिन ऐसे माहौल में मतदाता स्वतंत्र और भयमुक्त तरीके से मतदान नहीं कर पाएंगे। इसके अलावा इससे मतदान में भी कमी आएगी।
चुनाव आयोग के मुंबई प्रोविडेंस कॉपोर्रेशन एक्ट, 1994 के नियम 48 के तहत मिली शक्तियों से हम निर्धारित चुनावों को स्थगित कर रहे हैं। ये चुनाव स्थित में सुधार होने पर कराए जाएंगे। बता दें कि चुनाव स्थगित कराने के लिए कांग्रेस पार्टी, आम आदमी पार्टी (आप), बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) और गुजरात गर्वी पार्टी ने एसईसी को पत्र लिखे थे।


Download Android App
Download iOS App



