नई दिल्ली : चांदनी चौक इलाके में सोमवार दोपहर तारों में शॉर्ट सर्किट के बाद एक इमारत में भीषण आग लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहित (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं इस घटना में करोड़ों रुपए के नुकसान होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। उधर, सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल की एक दर्जन गाड़ियों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। जिस इमारत में आग लगी उसमें सर्राफा का कारोबार था। पुलिस के मुताबिक कूंचा नटवा की इमारत संख्या- 1184 में सोमवार दोपहर करीब 12.55 बजे आग लगने की सूचना मिली। यह चार मंजिला इमारत है।
आग इमारत की तीसरी मंजिल पर कमल ट्रेडर्स नाम से कम्पनी के आफिस में लगी थी। यहां सोने के स्क्रैप का कारोबार होता है। इसके अलावा इमारत में 12 दुकानं बनी हुई हैं। बताया जा रहा है कि दोपहर को गली में बिजली के तारों में शाॅर्ट सर्किट हुआ था। जसके बाद इमारत में आग लग गई और तेजी से धुआं भर गया। उस वक्त आफिस में अर्जुन और रोहित नाम के कर्मचारी मौजूद थे। किसी तरह अर्जुन जान बचाकर बाहर निकल गया। मगर रोहित वहीं पर फंस गया। दूसरी दुकानों में मौजूद लोगों में भी भगदड़ मच गई।
दमकल कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान रोहित को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला और तुरंत एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उधर, बताया जा रहा है कि इस हादसे में कई करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



