लोकसभा चुनाव के लिए जुटी आप

Summary :

NULL

नई दिल्ली: वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रही आम आदमी पार्टी ने अभी से चुनावी तैयारी शुरू कर दी है। 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी ने सातों सीटों पर कब्जा करने के लिए हर संभव प्रयास करने का निर्णय लिया है। इसके तहत गुरुवार से पार्टी की राष्ट्रीय कार्यालय में बैठकों का दौर शुरू हो गया। पहले दिन लोकसभा पदाधिकारियों की बैठक हुई जो अगले सात दिन तक चलेगी, जिसमें पहले दिन उत्तर-पूर्व लोकसभा क्षेत्र की बैठक ली गई।

बैठक की अध्यक्षता आप के दिल्ली संयोजक और पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने की जिसमें विधायक संजीव झा, ऋतुराज, हाजी इशराक, सुनील दत्त शर्मा समेत अन्य विधायक शामिल हुए। बैठक के बाद गोपाल राय ने कहा कि संगठन निर्माण को लेकर पार्टी ने सभी लोकसभा क्षेत्रों और विधानसभा में बूथ लेवल पर क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाने का काम पूरा कर लिया है, जिसके अगले चरण में ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत-2’ के तहत ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी जिला अध्यक्षों और विधानसभा कम्युनिकेशन इंचार्ज को जिम्मेदारी दी गई है।

उन्होंने बताया कि दिल्ली को 1,32950 ब्लॉक में बांटा गया है, जिसके तहत उत्तर-पूर्व जिले में 20,230 ब्लॉक रखे गए हैं। आप दिल्ली संयोजन ने बताया कि उनकी पार्टी जनवरी से सभी जिलों में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन भी आयोजित करने जा रही है, इसके मद्देनजर उत्तर-पूर्व लोकसभा की करावल नगर व मुस्तफाबाद विधानसभा में आगामी 9 व 25 जनवरी को कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएंगे।

सात दिवसीय पदाधिकारी बैठक के तहत पहले दिन 21 दिसम्बर को उत्तर-पूर्वी क्षेत्र की बैठक हुई। 22 दिसम्बर को चांदनी चौक, 23 दिसम्बर को नई दिल्ली, 24 दिसम्बर को पूर्वी दिल्ली, 25 दिसम्बर को पश्चिमी दिल्ली, 26 उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और 27 दिसम्बर को दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के पदाधिकारी बैठक में शामिल होंगे।

हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।

Desk Team