नई दिल्ली : तीस हजारी कोर्ट में वकील-पुलिस के बीच हिंसक झड़प, फिर राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का सुप्रीम फैसले से दिल्ली में तनाव का माहौल बना हुआ था। ऐसे में वकीलों ने एक बार फिर हड़ताल पर जाने का फैसला कर लिया है। दरअसल सोमवार से दिल्ली की सभी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के वकील हड़ताल पर हैं। चूंकि रविवार को एलजी हाउस पर वकील और पुलिस अधिकारियों के बीच हुई बैठक बेनतीजा रही।
वकील अपनी बात पर अड़े रहे, जबकि पुलिस अपनी बात पर। डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में कोई फैसला नहीं हुआ। इस कारण वकीलों ने एक बार फिर हड़ताल पर जाने का फैसला किया। शाहदरा बार एसोसिएशन के सेक्रेटरी रमन शर्मा ने बताया कि इस बैठक में दिल्ली की सभी डिस्ट्रिक्ट की बार काउंसिल का एक-एक सदस्य मौजूद था। जबकि पुलिस की ओर से दो स्पेशल सीपी के अलावा कई ज्वाइंट सीपी व डीसीपी मौजूद रहे।
बैठक का मुद्दा था कि इस तनातनी को खत्म किया जाए और फैसला कोर्ट पर छोड़ दिया जाए। मगर वकीलों की मांग थी कि पुलिस गोली चलाने वाले वाले पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार करे। मगर पुलिस अधिकारी इस बात पर अड़े रहे कि जब वो वकीलों को गिरफ्तार करने की बात नहीं कर रहे हैं तो वह भी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार करने की बात न करें।
डेढ़ घंटे तक इस बात पर दोनों पक्षों की बीच मंथन चला। मगर कोई हल नहीं निकला। बैठक खत्म हुई और वकीलों ने सोमवार से एक बार फिर हड़ताल पर जाने का फैसला किया।
कोर्ट में रहेगी पुलिस की नो एंट्री…रमन ने बताया कि सभी कोर्ट में शांतिपूर्ण तरीके से ही हड़ताल की जाएगी। मगर किसी भी पुलिसकर्मी को कोर्ट में नहीं घुसने दिया जाएगा। पहले वकीलों ने राम मंदिर के फैसले की गंभीरता को देखते हुए हड़ताल वापस ले ली थी। हालांकि अब जब तक आरोपी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक हड़ताल वापस नहीं ली जाएगी।
सभी जगह हालात सामान्य…राम मंदिर पर आए फैसले के बाद दिल्ली पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में कड़े इंतजाम किए थे। सभी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई थी। इसका असर भी दिखा। दिल्ली में सभी जगह हालात सामान्य रहे। रविवार को भी संवेदनशील इलाकों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी गश्त पर रहे।


Download Android App
Download iOS App



