नई दिल्ली : राजधानी में डेंगू से मौत का पहला मामला सामने आया है। मृतक की पहचान ईस्ट किदवई नगर निवासी 17 वर्षीय लड़की श्रुजना के रूप में हुई है। उसने शनिवार देर रात दक्षिणी दिल्ली के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ा। मृतक परिजनों का आरोप है कि एम्स (रिंग रोड) के सामने चल रहे निर्माण कार्य से क्षेत्र में डेंगू की समस्या बढ़ी।
निर्माणाधीन सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी में केंद्र सरकार के कर्मचारी व अधिकारी रहते हैं। यहां आसपास के बेसमेंट व अन्य जगहों पर साफ पानी जमा हो गया, जिनमें डेंगू के मच्छर पनप गए थे। इस संबंध में कई बार प्रशासन को बोला गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी कारण उनकी बेटी को डेंगू हुआ जिस कारण उनकी बेटी की मौत हो गई। वहीं किदवई नगर, आरडब्ल्यू के प्रधान अध्यक्ष निरंजन ने बताया कि जलभराव के कारण डेंगू के कई मामले सामने आ चुके हैं, शनिवार शाम को 17 वर्षीय लड़की की मौत होने के बाद पूरी कॉलोनी में दहशत का माहौल है।
सभी डरे हुए हैं कि कही ऐसा हादसा फिर न हो जाए। उन्होंने बताया कि श्रुजना के पिता गोपाल केंद्रीय कर्मचारी है और श्रुजना उनकी इकलौती बेटी थी। परिजनों ने बताया कि हमे पता ही नहीं चला कि उसे क्या समस्या हुई। हम पहले डिस्पेंसरी में उपचार करवा रहे थे। जब फायदा नहीं हुआ तो दक्षिणी दिल्ली स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां जांच के दौरान डेंगू का मामला सामने आया। उन्होंने कहा कि उसकी हालत सुधर पाती, उससे पहले शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे मौत हो गई।


Download Android App
Download iOS App



