चक्रवाती तूफान ‘गाजा’ तमिलनाडु तट से टकराया, 120 Km प्रतिघंटे की रफ्तार से चली हवा

Summary :

आईएमडी के मुताबिक, तूफान गाजा शुक्रवार रात 12.30 बजे से 2.30 बजे तक नागापट्टिनम और वेदारायणम के बीच टकराया। इस दौरान की हवा की रफ्तार 120 किमी प्रतिघंटा है।

चक्रवाती तूफान ‘गाजा’ शुक्रवार को तमिलनाडु तट से टकराया। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, तूफान से कई पेड़ जड़ से उखड़ गए। आईएमडी के मुताबिक, तूफान ‘गाजा’ शुक्रवार रात 12.30 बजे से 2.30 बजे तक नागापट्टिनम और वेदारायणम के बीच टकराया। इस दौरान की हवा की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रतिघंटा है। तेज हवाओं से नागापट्टिनम रेलवे स्टेशन की रूफ शीट क्षतिग्रस्त हो गई।

तमिलनाडु के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री आर.बी.उदयकुमार ने बताया कि हवा की रफ्तार कम होने के बाद ही हुए नुकसान का आकलन हो सकेगा। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द टूटे हुए पेड़ों को हटाया जा रहा है। तूफान से प्रभावित नागापट्टिनम में टूटे हुए पेड़ों की वजह से सड़क यातायात प्रभावित रहा।

सरकार ने एहतियात के तौर पर गुरुवार रात को बिजली की आपूर्ति बंद कर दी थी। तूफान से बिजली के कई खंभे टूट गए। तमिलनाडु के कई विश्वविद्यालयों में शुक्रवार को होने वाली परीक्षाएं रद्द कर दी गईं। नागापट्टिनम, कड्डालोर, तंजावुर पुडुकोट्टई, तिरुवरुर और कई अन्य जिलों में शुक्रवार को स्कूलों को बंद रखा गया है।

निचले इलाकों में रह रहे 63,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। कड्डालोर, नागापट्टिनम, रामानाथपुरम, तंजावुर, पुडुकोट्टई और तिरुवरुर में 289 राहत केंद्र बनाए गए हैं। आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल में भारी बारिश हो सकती है।

Desk Team