नई दिल्ली : पूर्वी दिल्ली ससंदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी गौतम गंभीर के डैमेज कंट्रोल के लिए दिल्ली के प्रभारी श्याम जाजू को मैदान में उतारा गया है। वहीं सांसद महेश गिरी भी गंभीर की सपोर्ट में क्षेत्र की जनता से खूब आह्वान कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार नामांकन के बाद से गौतम गंभीर कभी चुनाव आयोग तो कभी पुलिस की उलझनों का सामना कर रहे हैं। यूं भी उनके लिए राजनीतिक पिच पर उतरकर बल्लेबाजी करने का पहला अवसर है।
ऐसे में उन्हें सपोर्ट देने के लिए केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के करीबी विधायक ओमप्रकाश शर्मा और प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल लगे हुए हैं, लेकिन समय गुजरने के साथ-साथ उनका चुनाव उठ नहीं पाया। इस सीट से सांसद महेश गिरी के स्थान पर पार्टी ने सेलिब्रिटी गौतम गंभीर को उतारा है और उन्हें हर हाल में विजयी बनाना पार्टी की इज्जत का सवाल बनता जा रहा है। इसलिए आएदिन की उलझनों को देखते हुए पार्टी ने मंथन के बाद प्रभारी श्याम जाजू को उनके चुनाव की कमान सौंप दी है। यूं सभी प्रत्याशियों की कमजोरी और मजबूत स्थिति पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल पूरी निगरानी बरत रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि महेश गिरी का संसदीय क्षेत्र में जनाधार और जनता के बीच उनकी लोकप्रियता कायम होने की वजह से पार्टी की कोर ग्रुप की बैठक में भी उन्हें बुलाकर गंभीर की नैया पार लगवाने को कहा है। इसके लिए महेश गिरी स्वयं राजनीतिक के अलावा सामाजिक, धार्मिक और व्यावसायिक लोगों और मित्रों को निजी तौर पर गौतम गंभीर को विजयी बनाने की अपील संदेश भेजकर कर रहे हैं।
गौतम का चुनाव मजबूत करने की दृष्टि से मंगलवार को हुई जनसभाओं में लोकसभा सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया, श्याम जाजू और महेश गिरी भी विशेष रूप से मौजूद रहे। वहीं प्रदेश भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी और वर्तमान भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर भी गौतम गंभीर के चुनावी अभियान में जुट गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



