नई दिल्ली : जाना था जापान पहुंच गए चीन समझ गए ना। पुरानी हिन्दी फिल्म चलती का नाम गाड़ी का यह गाना तो आपने सुना ही होगा। क्रिकेटर से भाजपा नेता बने गौतम गंभीर पर यह गाना एकदम फिट बैठ रहा है। वह चुनाव तो लड़ना चाहते थे नई दिल्ली से, लेकिन पहुंच गए पूर्वी दिल्ली। अब दो दिन में यहां कि मोहल्लों व काॅलोनियों का नाम थोड़े ही याद हो जाएंगे। फिर साथ रहने वाले सलाहकार भी बहुत अच्छे हैं। ऐसे में कांति नगर को कस्तूरबा वाॅर्ड लिख जाए तो इसमें क्या गंभीर की क्या गलती?
अब देखना है कि पूर्वी दिल्ली की पिच पर उनकी गाड़ी चल निकलती है या फिर कहीं वह आईपीएल की तरह हताश होकर या फिर हिट विकेट होकर बाहर ना हो जाए। दरअसल हुआ यूं कि पूर्वी दिल्ली सीट से भाजपा प्रत्याशी गौतम गंभीर गांधी नगर विधानसभा के कांति नगर वाॅर्ड में प्रचार के लिए गए थे। वहां की पार्षद कंचन महेश्वरी ने शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया था। यहां पर कार्यकर्ताओं ने उनका जबरदस्त स्वागत किया। इस स्वागत से वह इतने खुश हुए कि वहां के फोटो अपनी ट्वीटर पर डाल दिए। गंभीर ने बड़ी ही मासूमियत से लिखा कि पूर्वी दिल्ली वाला हूं।
आप लोगों के लाड-प्यार के सामने विनम्रता से सिर झुकाता हूं, लेकिन जरा भी अंदाजा नहीं था कि गांधी नगर के कस्तूरबा वाॅर्ड के लोग इस अनोखे अंदाज से स्वागत करेंगे। अब कार्यकर्ता तो कार्यकर्ता हैं वो कहां मानेंगे, इस ट्वीट पर चर्चा चल निकली। पहले तो इस ट्वीट में सबसे बड़ी गलती यह है कि वह कांति नगर को कस्तूरबा वाॅर्ड लिख गए। कोई उन्हें बताने वाला नहीं था कि गांधी नगर में कस्तूरबा वाॅर्ड नहीं है। दूसरी बात कि इस फोटो में पार्षद कंचन महेश्वरी कहीं नजर नहीं आ रही हैं, जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दिन-रात एक किया था। ट्विटर पर मनीष मांजन ने लिखा है कि सर कस्तूरबा नहीं कांति नगर है, वाॅर्ड नंबर 26 ई गांधी नगर का। कृपया सुधार कर लें। लेकिन शायद इस पर गंभीर की नजर नहीं पड़ी।
इस ट्वीट पर कार्यकर्ता यह भी कह रहा है कि जब नेता थोपे जाएंगे तो ऐसा ही होगा। इतनी जल्दी उन्हें पूर्वी दिल्ली की काॅलोनियों व मोहल्लों का ज्ञान थोड़े ही हो जाएगा। वैसे गंभीर जहां भी जा रहे है, वह बड़े प्यार व मासूमियत से लोगों से मिल रहे है। इससे कार्यकर्ता इस बात से खुश है कि इतने बड़े क्रिकेटर उनके बीच है। वैसे पहले उनके बयान पर कांग्रेस प्रत्याशी अरविंदर सिंह लवली भी उन्हे घेर चुके हैं कि वह गंभीर पिकनिक मनाने पूर्वी दिल्ली आए है।
– सतेन्द्र त्रिपाठी


Download Android App
Download iOS App




