दक्षिणी दिल्ली : राजधानीवासी यदि लोकसभा की सातों सीट आम आदमी पार्टी को देतें हैं तो दो माह में दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिला देंगे। यह दावा है मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का। रविवार को नजफगढ़ के दिचाऊं कलां में चार करोड़ लीटर क्षमता के भूमिगत जलाशय एवं बूस्टर पम्पिंग स्टेशन का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि आज दिल्ली सरकार के सभी कामों को केंद्र सरकार रोक देती है। इसका सबसे बड़ा कारण दिल्ली का पूर्ण राज्य न होना है।
दिल्ली सरकार जो भी काम करती है उसकी फाइल केंद्र सरकार को भेजनी पड़ती है जबकि उत्तर प्रदेश, हरियाणा की सरकार नहीं भेजती। दिल्ली सरकार ने सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव तैयार किया लेकिन केंद्र सरकार तीन साल तक फाइल पर बैठी रही। मजबूरन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को उपराज्यपाल आवास पर भूख हड़ताल करनी पड़ी। तब जाकर यह काम पास हुआ और अगले सप्ताह से पूरी दिल्ली में सीसीटीवी कैमरे लगने का काम शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि पिछले 70 साल में कांग्रेस-भाजपा ने केवल दिल्लीवासियों का शोषण किया है। पहले की सरकार कहती थी वोट दो हम पानी देंगे लेकिन हम पहले पानी दे रहे हैं उसके बाद ही वोट मांगने आए। भाजपा-कांग्रेस ने जितने काम 70 साल में किए उससे कही ज्यादा काम आप सरकार ने महज चार साल में ही कर दिए हैं। यह सब हो पाया है ईमानदारी के कारण, दिल्लीवालों ने चार साल पहले एक ईमानदार सरकार चुनी थी जो दिल्लीवालों के लिए काम कर रही है। अब सातों सांसद भी आप को देना जिससे दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने में आसानी हो।
गर्मियों में नहीं रहेगी पानी की समस्या
केजरीवाल ने कहा कि 363 लाख लीटर की क्षमता वाले तैयार हुए यूजीआर के कारण अब 102 काॅलोनियों व पांच गांव में रहने वालों को गर्मियों में पानी की समस्या नहीं परेशान करेगी। उन्होंने कहा कि हमारे पास भी उतने ही पैसे हैं जितनें कांग्रेस-भाजपा के कार्यकाल में था लेकिन हमने दिल्लीवालों के लिए काम किया। आज दिल्ली की काॅलोनियों में 10 हजार गलियां बनने का काम चल रहा है।
साथ ही नालियां, सीवर का काम भी चल रहा है। जहां पानी नहीं है वहां पाइप लाइन बिछा रहे हैं। पहले की सरकारों ने 200 किलोमीटर लाइन बिछाई जबकि हमने 400 किमी पाइप लाइन चार साल में ही बिछा दी। अब सरकारी अस्पतालों, स्कूलों में बेहतर सुविधाएं मिल रही है।
सभी को पक्का घर देंगे : केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि यदि दिल्ली पूर्ण बनती है तो आप सरकार तुरंत सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का कर देंगी। इसके अलावा दस साल में सभी परिवार को अपना पक्का घर दिया जाएगा।
मधु को बधाई… सीएम केजरीवाल ने कहा कि दिचाऊं कलां गांव की मधु ने (भारत महिला कबड्डी टीम की सदस्या) ने एशियाड खेलों में सिल्वर मेडल जीत कर देश और समाज का नाम रोशन किया है। आज उन्हें सम्मान के तौर पर दिल्ली सरकार के तरफ से 75 लाख रुपये का इनाम की राशि दी जा रही है। इस राशि की मदद से वह अपने खेल को निखार सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे माता-पिता को सलाम हैं।


Download Android App
Download iOS App



