नयी दिल्ली : संसदीय कार्य राज्यमंत्री विजय गोयल ने आज कहा कि सरकार को उम्मीद है कि रामनवमी अवकाश के बाद जब संसद के दोनों सदनों की बैठक होगी तो संसद में जारी गतिरोध समाप्त हो जाएगा। गोयल संसद में गतिरोध को दूर करने के लिए विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ संसद में सामान्य ढंग से कामकाज हो इसके लिए सरकार गंभीर प्रयास कर रही है।’’ उन्होंने यह भीकहा कि राजनीतिक दलों पर दबाव बढ़ रहा है क्योंकि लोग उम्मीद करते हैं कि वे अपना काम करें। संसद में जारी गतिरोध को समाप्त करने के प्रयासों के तहत गोयल ने कई नेताओं से मुलाकात की है जिनमें राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद, अन्नाद्रमुक के वी मैत्रेयन तथा तेदेपा के वाईएसआर चौधरी शामिल हैं। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के नरेश गुजराल से भी मुलाकात की। उम्मीद की जा रही है कि सेवानिवृत्त होने जा रहे विभिन्न नेता मंगलवार को राज्यसभा में विदाई भाषण देंगे।
सरकार यह उम्मीद कर रही है कि विपक्षी दल उच्च सदन में कुछ विधेयकों को पारित करने में मदद करेंगे जैसा कि शुक्रवार को उन्होंने ग्रेच्युटी भगुतान विधेयक को बिना चर्चा के पारित हो जाने दिया। लोकसभा में पारित करीब ऐसे 10 विधेयक हैं जिन्हें राज्यसभा में पारित किया जाना है। इसके अलावा भी कुछ विधेयक हैं जिन्हें राज्यसभा की मंजूरी मिलना है। इनमें विवादास्पद तीन तलाक संबंधी विधेयक, मोटर वाहन कानून तथा भंडाफोड़ करने वालों को संरक्षण देने का विधेयक शामिल है। संसद के दोनों ही सदनों में पिछले लगातार15 दिनों से विभिन्न मुद्दों पर हंगामे के कारण गतिरोध कायम है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



