पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के साथ टकराव और राज्य में हिंसा की घटनाओं के बीच पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ मंगलवार की शाम को दिल्ली जा रहे हैं। राज्यपाल ने खुद ट्वीट कर कहा, ” राज्यपाल जगदीप धनखड़ नई दिल्ली का दौरा करेंगे। राज्यपाल धनखड़ 15 जून 2021 की देर शाम दिल्ली के लिए रवाना होंगे और 18 जून 2021 को दोपहर बाद कोलकाता लौटेंगे। ”

वह 18 जून तक दिल्ली में रहेंगे। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेंगे। वह केंद्रीय गृह मंत्रालय को हिंसा सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर रिपोर्ट दे सकते हैं। बता दें कि विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी लगातार हिंसा का आरोप लगा रही है। चुनाव के बाद बीजेपी लगातार सत्तारूढ़ पार्टी पर बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला करने, उन्हें डराने और धमकाने का आरोप लगाते रही है। बीजेपी का आरोप है कि चुनाव के बाद बीजेपी के 40 से अधिक कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है।
राज्यपाल ममता सरकार पर हिंसा को लेकर लगातार हमला बोलते रहे हैं। कल ही बीजेपी के विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने हिंसा को लेकर राज्यपाल से मुलाकात की थी। उसके बाद राज्यपाल ने कहा था कि राज्य में हिंसा का तांडव चल रहा है, लेकिन सरकार के कानों में जूं नहीं रेंग रही है। उन्होंने कहा था कि सरकार को आए हुए एक माह से अधिक हो गई है, लेकिन किसी भी कैबिनेट की बैठक में हिंसा पर चर्चा नहीं हुई है।


Download Android App
Download iOS App



