रायपुर : गृहमंत्री रामसेवक पैकरा के शुगर का इलाज करने वाले कंबल बाबा के एक वायरल हुए कथित आडियो ने सियासी खलबली मचा दी है। दरअसल इस वायरल आडियो में कंबल बाबा कांग्रेस के लुंड्रा विधायक चिंतामणि महाराज को बीजेपी में शामिल होने की पेशकश कर रहे हैं। इस कथित आडियो में कंबल वाले बाबा ने कांग्रेस छोड़कर रामदयाल उइके के बीजेपी प्रवेश करने का भी राज खोला है।
चिंतामणि महाराज से बातचीत में कंबल बाबा यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि रामदयाल उइके को दस करोड़ रूपए और मंत्री पद दिए जाने के आश्वासन के साथ बीजेपी प्रवेश कराया गया है। हालांकि कंबल बाबा के तमाम समीकरणों को सुनने के बावजूद चिंतामणि महाराज यह कहते सुने जा रहे हैं कि वह कांग्रेस के साथ विश्वासघात नहीं कर सकते। इस कथित वायरल आडियो के बाद राज्य की सियासत में बवंडर मचना तय है।
आडियो में कंबल बाबा लुंड्रा विधायक चिंतामणि महाराज को बीजेपी में शामिल होने के ऐवज मेंं चुनाव जीताने की गारंटी और मंत्री पद दिए जाने की पेशकश कर रहे हैं। कंबल वाले बाबा कथित आडियो में यह कहते सुने जा रहे है कि उनके बीजेपी प्रवेश करने की बातचीत कहीं लिकेज होगी, तो इसके जिम्मेदार वो खुद होएंगे।
कंबल बाबा ने आडियो में यह कहा है कि उनकी ऊपर सीधे बातचीत हुई है. उन्हें किसी से समय लेने की जरूरत नहीं है। कंबल बाबा ने कहा कि आपको जीताने की जिम्मेदारी मेरी होगी। कंबल बाबा ने जिस वक्त फोन पर चिंतामणि महाराज से बातचीत की उस वक्त वह रायपुर में थे. जिसका जिक्र वह बातचीत के दौरान कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



