आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को दो दिवसीय यात्रा के लिए गुजरात जाने वाले हैं। आगामी गुजरात विधानसभा चुनावों के मद्देनजर उनका ये राज्य दौरा अहम होगा। जानकारी के मुताबिक, केजरीवाल यात्रा के दौरान “मुफ्त बिजली” के मुद्दे पर एक बैठक करेंगे और पार्टी के नए पदाधिकारियों को शपथ दिलाएंगे।
अहमदाबाद में दो दिवसीय दौरे के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री ‘आप’ के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे और पार्टी के सदस्यों संग बातचीत करेंगे। गुजरात में साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसके लिए केजरीवाल नीत आम आदमी पार्टी अपनी जमीन तलाशने में लगी है।
अधिकांश भारतीयों का मानना है कि केजरीवाल सरकार दिल्ली में बसों के बेड़े को बढ़ाने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रहेगी: सर्वे
आप के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव इसुदान गढ़वी ने शनिवार को कहा, “केजरीवाल रविवार को अपराह्न तीन बजे अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वह शाम चार बजे एक कार्यक्रम में 7,500 नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाएंगे। वे पार्टी के लिए तहेदिल से काम करने की शपथ लेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करेंगे।”
उन्होंने कहा कि गत माह आप ने अपने राज्य का संगठन भंग कर दिया था, जिसके बाद इन पदाधिकारियों को नियुक्त किया गया। गढ़वी ने कहा, “महंगाई के कारण लोग परेशान हैं इसलिए हमारी पार्टी ने ‘मुफ्त बिजली’ अभियान चलाया है। अगर दिल्ली और पंजाब के लोगों को मुफ्त बिजली मिल सकती है तो गुजरात के लोगों को क्यों नहीं?” उन्होंने कहा कि सोमवार को केजरीवाल “मुफ्त बिजली” पर एक सभा को संबोधित करेंगे। गढ़वी ने कहा कि दिसंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के “गारंटी कार्ड” या चुनावी घोषणापत्र पर भी चर्चा होगी।


Download Android App
Download iOS App



