नई दिल्ली : आवास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी के मेट्रो में महिलाओं को मुफ्त यात्रा वाले बयान पर पलटवार करते हुए उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली सरकार के पास प्लान भी है और पैसा भी है। हरदीप पुरी जी आप तो बस मुस्कुरा कर आशीर्वाद देते रहिए। यह बात सिसोदिया ने दिल्ली सचिवालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए गुरुवार को कही।
उन्होंने कहा कि ‘मैं बहुत आदर और सम्मान के साथ हरदीप पुरी से कहना चाहता हूं कि दिल्ली की महिलाओं को मेट्रो और बसों में फ्री यात्रा कराने के लिए दिल्ली सरकार के पास प्लान भी है और पैसा भी है। दिल्ली के लोगों के लिए, दिल्ली की महिलाओं के लिए, आप अपना आशीर्वाद बनाए रखिए।
दिल्ली सरकार इसे बहुत अच्छे से लागू कर देगी। सिसोदिया ने कहा कि मैं केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का बयान देखा। पुरी ने कहा है कि महिलाओं को दिल्ली में मेट्रो और बस में फ्री यात्रा कराने के लिए दिल्ली सरकार के पास प्लान और पैसा नहीं है।
60 हजार करोड़ हुआ दिल्ली का बजट
सिसोदिया ने कहा कि पिछले तीन-चार दिन में हमने इस पर कई बैठकें की हैं। परिवहन मंत्री ने ट्रांसपोर्ट और मेट्रो के अधिकारियों साथ कई बैठकें की हैं। मैंने और मुख्यमंत्री ने कई बैठकें की हैं। इसको लेकर बहुत प्रभावी योजना निकलकर सामने आ रही है। जनता की तरफ से भी काफी फीडबैक आ रहे हैं।
एक बार इसको अंतिम रूप देने के बाद हम आप लोगों को बताएंगे। उन्होंने कहा कि हमारे पास बहुत अच्छा प्लान है। बतौर वित्त मंत्री मैं ये भी कहना चाहूंगा कि हमारे पास पैसे की भी कमी नहीं है। दिल्ली में ईमानदार सरकार काम कर रही है, जो बजट पहले 30 हजार करोड़ रुपए था, वह अब 60 हजार करोड़ रुपए हो गया है।
डीएमआरसी से चल रही है बात : गहलोत
दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि हमने 3 जून को परिवहन आयुक्त को आदेश जारी किए। इसमें लिखा गया है कि डीटीसी, क्लस्टर और डीएमआरसी से पूरा प्लान दीजिए। फिर 3 जून को ही परिवहन आयुक्त ने डीएमआरसी को चिट्ठी लिखी है। लगातार ऑफिशियल कम्युनिकेशन चल रहा है। लगातार बैठकें चल रही हैं। इसलिए यह कहना ठीक नहीं है कि कोई मीटिंग नहीं हुई, कोई कम्युनिकेशन नहीं हुआ।


Download Android App
Download iOS App



