टिपर चालक की जगह हेलपर को उतार मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

Summary :

East Delhi Crime News : ईस्ट ‌‌डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने कल्याणपुरी इलाके में सफाई कर्मचारी अनिल कुमार (28) की हत्या के आरोपी निहाल उर्फ कुल्ला (52) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी निहाल ने खुलासा किया है कि टिपर चालक गुलशन उसके पीठ पीछे उसके घर आता था। उसे शक था कि गुलशन की उसकी पत्नी से नजदीकियां हैं। उसने गुलशन की हत्या करने की योजना बनाई। वारदात के वक्त टिपर गाड़ी पर उसे गुलशन के बजाए अनिल मिला तो उस पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। दूसरी ओर अनिल के परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद बेटा का…

East Delhi Crime News : ईस्ट ‌‌डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने कल्याणपुरी इलाके में सफाई कर्मचारी अनिल कुमार (28) की हत्या के आरोपी निहाल उर्फ कुल्ला (52) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी निहाल ने खुलासा किया है कि टिपर चालक गुलशन उसके पीठ पीछे उसके घर आता था। उसे शक था कि गुलशन की उसकी पत्नी से नजदीकियां हैं। उसने गुलशन की हत्या करने की योजना बनाई। वारदात के वक्त टिपर गाड़ी पर उसे गुलशन के बजाए अनिल मिला तो उस पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

दूसरी ओर अनिल के परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद बेटा का शव लेने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा मांगे पूरी होने पर ही शव लेंगे। सफाई कर्मचारियों की मांग है कि अनिल के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा और उसके भाई को सरकारी नौकरी मिले।
डीसीपी (ईस्ट) राजीव कुमार ने बताया कि रविवार सुबह अनिल कुमार की हत्या के बाद से आरोपी निहाल फरार था। पुलिस ने सोमवार दोपहर निहाल को कल्याणपुरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने का प्रयास कर रही है।

शराब पीने के बाद दिया वरदात को अंजाम

पकड़े जाने के बाद आरोपी ने बताया कि वह पत्नी से नजदीकियों के शक में टिपर चालक गुलशन की हत्या करना चाहता था। रविवार तड़के चार बजे तक उसने खूब शराब पी। जिसके बाद एक बड़ा चाकू लेकर गुलशन को मारने के लिए निकल गया। सुबह करीब 7.30 बजे टिपर (कूड़ा उठाने वाली गाड़ी) 20 ब्लॉक में पहुंची। चालक गुलशन किसी काम से गाड़ी से उतरकर चला गया, जबकि हेल्पर अनिल गाड़ी के पास ही खड़ा रहा। इस बीच निहाल चाकू लेकर टिपर के पास पहुंचा। जहां गुलशन की बजाए अनिल की चाकू मारकर हत्या कर दी। निहाल ने दावा किया है कि अनिल भी गुलशन के साथ उसके घर आता था।

अस्पताल में दिनभर होता रहा हंगामा

सफाई कर्मचारी अनिल की हत्या के बाद रविवार से ही हंगामा जारी है। रविवार लगभग पूरे दिन परिजनों व सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर एलबीएस अस्पताल की मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन किया। सोमवार सुबह होते ही सैकड़ों लोग दोबारा अस्पताल पहुंच गए। स्थानीय विधायक कुलदीप कुमार के अलावा भीम आर्मी के लोग, पूर्वी दिल्ली के सफाई कर्मचारी और परिजन मोर्चरी के बाहर एकत्र हो गए। इन लोगों की मांग थी कि अनिल के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा उसके एक परिजन को सरकारी नौकरी दी जाए। दिनभर सभी लोग अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।

हालांकि कूड़ा उठवाने वाली निजी कंपनी की ओर से परिजनों को कुछ राशि देने की बात की गई इसके अलावा निजी कंपनी में एक परिजन को नौकरी की भी देने की बात की गई। परिजनों ने इसे ठुकरा दिया। देर शाम तक लोग वहां मौजूद रहे। परिजनों ने मांगे पूरी न होने तक अनिल का शव लेने से इंकार कर दिया। वहीं इस घटना के बीच पूर्वी जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अलावा अर्द्धसैनिक बलों के जवान मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारी लगातार परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।

 

Sumant Chaudhary