North-East District Crime News : नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के वेलकम इलाके में दो युवकों ने होटल के एक कर्मचारी को महज इस लिए चाकू मार दिया, उन्हें खाने में स्वाद नहीं आया था। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित कर्मचारी एहसान (25) को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे आरएमएल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डीसीपी (नॉर्थ-ईस्ट) राहुल अलवाल ने बताया कि पुलिस ने इस बाबत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर दो नाबालिगों को पकड़ लिया है। दोनों की उम्र महज 14 और 15 साल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया है कि खाने में स्वाद न आने पर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक गत 21 अगस्त की रात 9.07 बजे वेलकम थाना पुलिस को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल से सूचना मिली कि एक युवक को चाकू लगने के बाद अस्पताल में लाया गया है। युवक को उसके पड़ोसियों ने भर्ती कराया है। अस्पताल में पुलिस को होटल का मालिक सिराज मिला। उसने बताया कि दो लड़के खाना खाने होटल पर आए थे। खाने में स्वाद न होने की बात कर आरोपी होटल के कर्मचारी एहसान से झगड़ा करने लगे।
इस बीच एक लड़के ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। बाद में वह फरार हो गए। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा लोकल पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच शुरू कर दी गई। आरोपी नाबालिगों की पहचान के बाद उन्हें पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है।



Download Android App
Download iOS App




