नई दिल्ली : दिल्ली में बिक रही महंगी प्याज को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने केन्द्र की भाजपा सरकार को घेरने की कोशिश की है। प्याज के मुद्दे पर केजरीवाल के खाद्य आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन ने केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान को चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में महंगी प्याज को लेकर इमरान हुसैन ने पासवान से पूछा है कि आखिर 60 रुपये किलो वाली प्याज सरकार खरीदे तो खरीदे कैसे? उन्होंने कहा कि नैफेड केन्द्रीय भंडार के माध्यम से दिल्ली सरकार को प्याज मुहैया करा रहा है।
अभी तक नैफेड प्राइस स्टेबिलाइजेशन फंड (पीएसएफ) के तहत 15 रुपये 60 पैसे प्रतिकिलो की दर से दिल्ली सरकार को प्याज सप्लाई कर रहा था जिसे दिल्ली सरकार 23 रुपये 90 पैसे की खुदरा दर पर दिल्ली की जनता को मुहैया करा रही थी। दिल्ली सरकार ने मोबाइल गाड़ियों के अलावा दिल्ली स्टेट सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन (डीएससीएससी) और खाद्य और आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों को भी प्याज के वितरण के काम में लगाया गया है।
इसके बावजूद एक समीक्षा बैठक में नैफेड ने बताया कि पीएसएफ के तहत मुहैया कराई जा रही प्याज की सप्लाई रोक दी गई है। ऐसा केन्द्र सरकार के कहने पर किया गया है। नैफेड ने ये भी बताया की वो दिल्ली सरकार को अलवर की मंडी से प्याज मुहैया करवा सकते हैं और इसके बाद मिश्र से आयात किये जाने वाली प्याज की खेप से भी दिल्ली में प्याज की आपूर्ति की जाएगी।
हालांकि इस प्याज को मौजूदा खरीद रेट पर दिया जायेगा और इस पर ढुलाई लागत भी देनी होगी। प्याज यहां पहुंचने के पांच दिनों के बाद दिल्ली में 60 रुपए प्रति किलो की दर पर उपलब्ध होगी। इमरान हुसैन ने कहा कि ये बहुत ऊंची दर है और अगर इस दर पर प्याज सप्लाई की गई तो ये दिल्ली की जनता की पहुंच के बाहर होगी।


Download Android App
Download iOS App



