Delhi Police busted a Major Chinese Manjha Business : राजधानी में लोगों की जान लेने वाले प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के बड़े कारोबार का दिल्ली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सेंट्रल जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने नबी करीम के लक्ष्मण पुरी इलाके में छापा मारकर एक गुप्त कमरे से 424 चकरी (रोल) प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया। इस मामले में 24 वर्षीय वसीम रजा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के सप्लायर और अन्य कारोबारियों की तलाश में जुटी है।
डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के निर्देशन में, एसीपी पदम सिंह राणा की निगरानी तथा इंस्पेक्टर संदीप यादव के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ की टीम को सूचना मिली थी कि लक्ष्मण पुरी में बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा छिपाकर रखा गया है और उसकी अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना पर टीम ने इलाके में निगरानी शुरू की। इसी दौरान वसीम रजा एक नीले प्लास्टिक के कट्टे में चार चकरी लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे मौके पर दबोच लिया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर एक गुप्त कमरे की तलाशी ली गई, जहां सात कार्टनों में छिपाकर रखी गई 424 चकरी बरामद हुई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यही मांझा हर साल दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों, पक्षियों और जानवरों के लिए जानलेवा साबित होता है। इसी खतरे को देखते हुए इस पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग मुनाफे के लालच में इसकी तस्करी और बिक्री कर रहे हैं।
आरोपी के खिलाफ नबी करीम थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए) और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा कहां से लाया गया और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।



Download Android App
Download iOS App




