Husband Murdered Wife with Gas Cylinder: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुल प्रह्लादपुर इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 32 वर्षीय महिला की उसके ही पति ने कथित तौर पर रसोई गैस सिलेंडर से पीट पीटकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान पूनम के रूप में हुई है। डीसीपी (साउथ ईस्ट) डॉक्टर हेमंत तिवारी ने बताया कि पुल प्रहलादपुर थाने में हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद के दौरान झगड़े में हत्या की बात सामने आई है। पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है।
2020 में हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, यह घटना डीडीए जनता फ्लैट्स, पुल प्रह्लादपुर स्थित उनके आवास पर हुई। दंपति की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और वे करीब एक माह पहले ही राजस्थान के चुरू से दिल्ली आकर रहने लगे थे। उनके दो बच्चे हैं, जिसमें चार साल की बेटी जो चुरू में दादा-दादी के पास रहती है, जबकि करीब डेढ़ साल की दूसरी बेटी उनके साथ ही रह रही थी।
आर्थिक मामलों को लेकर हुआ था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच पारिवारिक और आर्थिक मामलों को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि आरोपी अपने भाई की आर्थिक मदद को लेकर पत्नी से बहस कर रहा था, जो धीरे-धीरे हिंसक रूप ले गई। इसी दौरान पति सुरेश कुमार ने कथित तौर पर छोटे एलपीजी सिलेंडर से पूनम पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके से आरोपी गिरफ्तार
घटना के दौरान पड़ोसियों ने घर से चीख-पुकार की आवाजें सुनीं और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने महिला के परिजनों को वारदात की जानकारी दे दी है। इसके अलावा पुलिस ने क्राइम टीम और एफएसएल की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। वारदात में इस्तेमाल छोटा रसोई गैस सिलेंडर भी बरामद कर लिया गया है। महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Also Read: शेखर कपूर व राकेश ओम प्रकाश मेहरा हुए अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में शामिल























