नई दिल्ली : दिन बुधवार, तारीख 10 जुलाई 2019। समय रात के आठ बजकर आठ मिनट। सुषमा स्वराज ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा था, आज के ट्वीट्स देखकर ऐसा लगता है कि जैसे मेरे अस्वस्थ होने की अफवाह चल रही है। मैं सभी शुभचिंतकों को बताना चाहती हूं कि कृपया चिंता न करें। मैं बिलकुल ठीक हूं। उनकी बीमारी की अफवाह इस ट्वीट के बाद एकदम बंद हो गई। इस ट्वीट को 48 हजार तीन सौ लोगों ने लाइक किया था और तीन हजार चार सौ लोगों ने रिट्वीट। इस ट्वीट पर चांदनी चौक से आप पार्टी की विधायक अलका लांबा ने लिखा कि काश आज फिर से दीदी कह देती कि मैं बिल्कुल ठीक हूं।
करीब एक महीने पहले पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की तबीयत खराब होने की अफवाह फैल गई थी। हालत यह हो गई कि उन्हें तमाम लोगों के फोन आने लगे। ट्विटर सहित तमाम सोशल मीडिया पर यह खबर फैल गई कि सुषमा जी बीमार हैं। इसके बाद सुषमा स्वराज ने खुद आगे आकर ट्वीट कर सबको बताया था कि वह बिल्कुल ठीक है। उनके चुनाव ना लड़ने के बाद से उनको लेकर अफवाहें आए दिन चलती रहती थीं। कुछ समय पहले ही कई बड़े नेताओं ने ही उन्हें आंध्र प्रदेश का राज्यपाल बनाए जाने पर बधाई दी थी।
यह खबर भी चारों तरफ फैल गई। इस पर सुषमा ने खुद ट्वीट किया था कि वह कहीं की राज्यपाल नहीं बनी हैं। उनकी पुरानी बातों को याद करके उनके समर्थक बेहद दुखी हैं। सेन्ट्रल बीजेपी गुड गर्वेनेंस टीम के सदस्य वीरेन्द्र सचदेवा ने बताया कि सुषमा जी को चांदनी चौक की दाल-बीजी बहुत पसंद थीं। इस लोकसभा चुनाव के दौरान भी वह खुद दाल-बीजी लेकर उनके घर गए थे। वह बड़ी खुश हुई थीं कि उनकी पंसद याद है।


Download Android App
Download iOS App



