नई दिल्ली : आप ने राजधानी में बढ़ते अपराधों और दिल्ली की जनता को स्वस्थ वातावरण देने में अक्षम रहने पर भाजपा को घेरा है। पार्टी मुख्यालय में सोमवार को एक प्रेसवार्ता के दौरान दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में बढ़ते अपराध और स्वच्छता के मोर्चे पर नगर निगम की नाकामियां भाजपा की अक्षमता को साबित करती हैं।
पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भतीजी के साथ हुई लूटपाट की वारदात का हवाला देते हुए राय ने कहा कि अगर खुद प्रधानमंत्री की भतीजी सुरक्षित नहीं है तो देश की आम जनता का क्या हाल होगा? उन्होंने कहा क्योंकि यह घटना प्रधानमंत्री के परिवार से जुड़ी थी, तो दिल्ली पुलिस ने तुरंत प्रभाव से कार्रवाई कर अपराधियों को पकड़ लिया लेकिन धरातल की सच्चाई कुछ और ही है।
राय ने कहा कि इस साल सितंबर तक दिल्ली में 212773 केस दर्ज किए गए। क्योंकि ये सभी केस आम जनता से जुड़े हुए हैं इसीलिए अभी तक किसी भी केस में कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। ये सारा रिकॉर्ड दिल्ली पुलिस द्वारा दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



