6 महीने बाद 1 अक्टूबर से इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल-2 से विमान भरेंगे उड़ान

Summary :

राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल-2 में लगभग छह महीने के अंतराल के बाद एक अक्टूबर से संचालन बहाल होगा।

राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल-2 में लगभग छह महीने के अंतराल के बाद एक अक्टूबर से संचालन बहाल होगा। फिलहाल, आईजीआईए में केवल टर्मिनल-3 यात्रियों की यात्रा के लिए ऑपरेशनल है। 
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट (डीआईएएल) ने एक बयान में कहा, “टी-2 पर संचालन की शुरुआत प्रतिदिन 96 हवाई ट्रैफिक गतिविधियों (48 प्रस्थान और 48 आगमन) के साथ होगी और अक्टूबर के अंत तक 180 तक बढ़ जाएगी।”
बयान में कहा गया, “टर्मिनल शुरुआती चरण में इंडिगो की 2000 सीरीज की उड़ानों और गोएयर के संपूर्ण संचालन के साथ परिचालन फिर से शुरू करेगा। लगभग 27 काउंटर –गोएयर के लिए 11 और इंडिगो के लिए 16, संबंधित उड़ानों के यात्रियों के लिए बनाए गए हैं।”
डीआईएएल के अनुसार, संचालन बहाल होने के बाद टी-2 से निर्धारित पहली उड़ान श्रीनगर जाने वाली इंडिगो विमान की होगी जो सुबह 6.25 बजे रवाना होगी। बयान में कहा गया है, ‘संचालन की शुरुआत, सीरीज 2000 (6ई 2000- 6ई 2999) की सभी इंडिगो उड़ानों के टी-2 से परिचालन होने के साथ होंगी।’
इसमें आगे कहा गया, ‘ये टी-2 से 20 गंतव्यों के लिए उड़ान भरेंगी, जिनमें अहमदाबाद, अमृतसर, भुवनेश्वर, भोपाल, बेंगलुरु, कोच्चि, गुवाहाटी, इंदौर, जम्मू, लखनऊ, चेन्नई, पटना, श्रीनगर, त्रिवेंद्रम और विशाखापट्टनम शामिल हैं।’
अगले चरण में, 8 अक्टूबर से मुंबई, कोलकाता, कोयम्बटूर, देहरादून, गोवा, हैदराबाद, मदुरै, जयपुर और नागपुर सहित 12 और गंतव्यों के लिए उड़ानों का टी-2 से परिचालन होगा। 

Ujjwal Jain