He Killed His Wife In Love : रुखसार की मोहब्बत में एक युवक ने अपनी पत्नी सबीला खातून को ही मौत के घाट उतार दिया। शाहबाद डेयरी इलाके में हुई हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने मृतका के पति मोहम्मद लाल बाबू उर्फ जाहिद अली (22) और उसकी कथित प्रेमिका रुखसार खातून को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि लाल बाबू रुखसार से शादी करना चाहता था। आरोप है कि पत्नी सबीला उसके रास्ते में आ रही थी, जिसके बाद उसने रुखसार के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, सबीला की हत्या प्रहलादपुर स्थित मकान नंबर 416 के बाथरूम में की गई। वारदात के बाद लाल बाबू अपने नाबालिग बेटे को लेकर दिल्ली से फरार हो गया। वह नोएडा पहुंचा और अपने ममेरे भाई मोहम्मद उसामा से संपर्क किया। आरोप है कि उसामा ने उसे शरण देने के साथ बिहार भागने में मदद की। पुलिस ने उसामा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
स्पेशल कमिश्नर देवेश चंद्र श्रीवास्तव और ज्वाइंट सीपी विजय सिंह के मार्गदर्शन में डीसीपी शोभित डी सक्सेना व एडिशनल डीसीपी लोकेश्वरन आर की देखरेख में एसीपी गौरव सिंह के नेतृत्व में इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर विश्वेंद्र, एसआई विशाल, एएसआई राजबीर, एएसआई दीपक समेत शाहबाद डेयरी थाना और स्पेशल स्टाफ की टीम ने आरोपियों को पकड़ा है।
दिल्ली से बिहार तक पीछा, 300 से ज्यादा CCTV खंगाले
मामले को सुलझाने के लिए शाहबाद डेयरी थाना और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीमें बनाई गईं। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दिल्ली के अलावा गाजियाबाद, नोएडा, पटना, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर और मुंबई तक जांच की। इस दौरान 300 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी जांच, स्थानीय सूचना और फील्ड वेरिफिकेशन के जरिए आरोपी के भागने के रास्ते और संभावित ठिकानों का पता लगाया गया।
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद लाल बाबू लगातार अपना ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था। वहीं, पुलिस टीमें उसके पीछे लगी रहीं। CCTV और तकनीकी सुरागों को जोड़ते हुए आखिरकार पुलिस ने लाल बाबू और रुखसार खातून को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया।
प्रेमिका से शादी की चाहत बनी हत्या की वजह
जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार लाल बाबू और रुखसार के बीच संबंध थे। लाल बाबू कथित तौर पर रुखसार से शादी करना चाहता था। पुलिस का आरोप है कि पत्नी सबीला इस रिश्ते के बीच आ रही थी, जिसके बाद दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। हालांकि, हत्या की पूरी योजना और दोनों की भूमिका को लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है।
मामले में पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की पूरी कड़ी जोड़ने, साजिश में दोनों की भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले की पूरी तस्वीर और साफ होगी।


Download Android App
Download iOS App




