Additional Chief Secretary Prashant Goyal inspected : सर्दियों की दस्तक से पहले राजधानी में वायु प्रदूषण से निपटने की तैयारियां तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में दिल्ली सरकार के अपर मुख्य सचिव एवं पश्चिमी जिले की वायु प्रदूषण एवं निगरानी समिति के नोडल सचिव प्रशांत गोयल ने पंजाबी बाग स्थित वायु प्रदूषण हॉटस्पॉट का निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर किए जा रहे उपायों की समीक्षा की। उन्होंने प्रदूषण के चिन्हित स्रोतों पर समय रहते कार्रवाई करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान दिल्ली नगर निगम के पश्चिमी जोन के उपायुक्त कर्नल विनोद अत्री के साथ दिल्ली प्रशासन, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी), दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने हॉटस्पॉट के अलग-अलग हिस्सों का दौरा कर प्रदूषण के प्रमुख कारणों और उनसे निपटने के लिए किए जा रहे इंतजामों को देखा। इस दौरान प्रदूषण नियंत्रण में इस्तेमाल की जा रही एंटी स्मॉग गन, स्प्रिंकलर और एमआरएसएम जैसी मशीनों के इस्तेमाल और प्रभाव का भी जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही से उठने वाली धूल और धुआं, सड़कों की धूल, निर्माण एवं विध्वंस गतिविधियां तथा कचरे का जमाव प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों में शामिल हैं। निरीक्षण के बाद एमसीडी के पश्चिमी जोन कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई। उपायुक्त कर्नल विनोद अत्री ने पंजाबी बाग हॉटस्पॉट में प्रदूषण की स्थिति, इसके लिए जिम्मेदार चिन्हित स्रोतों और अब तक उठाए गए सुधारात्मक कदमों की जानकारी दी। गोयल ने विभागवार कार्रवाई की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि केवल प्रदूषण नियंत्रण के इंतजाम करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उनका जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित निगरानी भी जरूरी है।
उन्होंने संबंधित एजेंसियों को चिन्हित प्रदूषण स्रोतों का समयबद्ध समाधान करने तथा कार्रवाई में किसी तरह की देरी नहीं होने देने के निर्देश दिए। अधिकारियों को खासतौर पर आगामी सर्दियों को ध्यान में रखते हुए निगरानी बढ़ाने को कहा गया है, क्योंकि इस अवधि में दिल्ली की वायु गुणवत्ता में गिरावट की आशंका बनी रहती है।


Download Android App
Download iOS App




