नई दिल्ली: ब्रिटेन के शहर मैनचेस्टर में सोमवार रात हुए फिदायीन हमले के बाद से ही राजधानी दिल्ली को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मगर अब खुफिया विभाग से मिले इनपुट के बाद दिल्ली पुलिस के अलावा सुरक्षा एजेंसियों की चिंताएं और बढ़ गईं हैं। खुफिया विभाग ने दिल्ली पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट दिए हैं कि भारत में आईएसआई के 20-21 आतंकी घुस आए हैं।
संभवत: ये दिल्ली, मुंबई, पंजाब और राजस्थान में छिपे हो सकते हैं। इनके मनसूबे भारत में आतंकी वारदात को अंजाम देना है। इस इंपुट के बाद दिल्ली पुलिस के अलावा तमाम सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। स्पेशल सेल के डीसीपी पी एस कुशवाह के मुताबिक खास तौर से आइजीआइ एयरपोर्ट, मेट्रो रेल, रेलवे स्टेशनों व बस अड्डों समेत सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों, होटलों, सिनेमाघरों, बाजारों व नई दिल्ली जिले में स्थित तमाम प्रमुख जगहों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
दिल्ली पुलिस अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर दिल्ली में पूरी चौकसी बरत रही है। विदेशों से आने और जाने वाली कॉलों पर खुफिया विभाग नजर रखे हुए है। पुलिस आयुक्त ने भी सभी आला अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई ढिलाई नहीं बरती जाए। उन्होंने बेहतर कानून-व्यवस्था के लिए लोगों से पुलिस को सहयोग करने की अपील की है।
इसके अलावा सभी रेंज के संयुक्त आयुक्त और जिले के डीसीपी को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने इलाके में डे-नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाएं। होटलों में ठहरने वालों का पूरा रिकॉर्ड रखें। आतंकियों के मामले में स्पेशलिस्ट यूनिट स्पेशल सेल व स्पेशल ब्रांच को भी सर्तक रहने को कहा गया है।


Download Android App
Download iOS App






