सीबीएसई प्रश्नपत्र लीक की आंतरिक जांच जारी, सोमवार से नई व्यवस्था लागू होगी : जावड़ेकर 

Summary :

NULL

नयी दिल्ली : मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने आज कहा कि सीबीएसई की 10वीं कक्षा के गणित एवं 12वीं कक्षा के अर्थशास्त्र के प्रश्न पत्र लीक होने के दावों से जुड़ी खबरों की सरकार आंतरिक जांच करा रही है और सोमवार से एक नयी व्यवस्था लागू हो जायेगी । जावड़ेकर ने कहा कि ऐसी कोई लीक नहीं हो, यह सुनिश्चित करने के लिये एक नयी व्यवस्था सोमवार से लागू हो जायेगी । सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कोई अन्याय नहीं हो । उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि पेपर लीक होने की खबरों से उन्हें काफी दुख हुआ है, साथ ही जोर दिया कि उन्हें भरोसा है कि पुलिस जांच करेगी और दोषियों को पकड़ लेगी ।

इस बीच, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने आज 10वीं कक्षा के गणित और 12वीं कक्षा के अर्थशास्त्र के पेपर की फिर से परीक्षा लेने की घोषणा की और कहा कि इसकी तारीख की घोषणा वेबसाइट पर एक सप्ताह में जारी कर दी जायेगी । जावड़ेकर ने कहा कि सीबीएसई की प्रणाली ठोस है लेकिन अगर कोई लीक कर रहा है या कोई खामी है तो इस विषय पर विचार किया जा रहा है। सोमवार से एक नई व्यवस्था लागू होगी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई लीक न हो । यह पूछे जाने पर कि क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस मुद्दे पर उनसे बात की, मंत्री ने कहा कि उन्हें पूरी सूचना दे दी गई है। प्रधानमंत्री हमेशा से तनावमुक्त परीक्षा की बात करते हैं । यह विषय उनके लिये काफी महत्वपूर्ण है।

अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ

Desk Team