नयी दिल्ली : बिहार में भाजपा के साथ गठबंधन में सत्तारुढ़ जनता दल यूनाईटेड (जदयू) पार्टी, दिल्ली विधानसभा चुनाव अपने बलबूते लड़ेगी। जदयू के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार में मंत्री संजय झा ने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने दिल्ली विधानसभा चुनाव पूरे दमख़म से लड़ने का फ़ैसला किया है।
उल्लेखनीय है कि चुनाव आयोग ने दिल्ली में आठ फ़रवरी को विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की है। जदयू की दिल्ली इकाई के प्रभारी झा ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली प्रदेश इकाई के अनुरोध पर राज्य में अपने बलबूते चुनाव लड़ने पर सहमति जतायी है। दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार उतारने के सवाल पर झा ने कहा, “जदयू नेतृत्व ने अभी यह तय नहीं किया है कि पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, सिर्फ़ इतना तय है कि जदयू अकेले चुनाव लड़ेगी।”
उन्होंने कहा कि दिल्ली में काफ़ी अधिक संख्या में पूर्वांचली मतदाताओं के हितों की सालों से अनदेखी की जा रही है। झा ने कहा, “इस कमी को जदयू ही दूर कर सकती है। इसके मद्देनज़र पार्टी पूरे दमख़म से चुनाव लड़ेगी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी चुनाव प्रचार में सक्रिय हिस्सेदारी करेंगे।’’ उन्होंने बताया कि सीटों के निर्धारण और उम्मीदवारों के चयन के लिए आगामी शुक्रवार को वह दिल्ली प्रदेश इकाई के साथ बैठक कर जदयू की चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देंगे।


Download Android App
Download iOS App



