कमला मार्केट: व्यापारियों को दिल्ली सरकार देगी मुआवजा

Summary :

NULL

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार कमला मार्केट में लगी आग से प्रभावित व्यापारियों को 10 लाख रुपए तक का मुआवजा देगी। दिल्ली सरकार ने आपदा से संबंधित मुआवजे की नीति में बदलाव करने का निर्णय लिया है। दरअसल शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को कमला मार्केट स्थित कूलर मार्केट का दौरा करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से बातचीत की। बातचीत के दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्याएं बताई। साथ ही कहा कि पुराने नियम के तहत उन्हें काफी कम आर्थिक सहायता मिलती है। इस पर मुख्यमंत्री ने विचार करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री को बताया गया कि अभी तक की नीति के आधार पर आपदा से प्रभावित जैसे, आग लगने से प्रभावित किसी व्यापारी को अधिकतम 1 लाख रुपए तक का मुआवजा मिल सकता है। इस पर मुख्यमंत्री बदलाव का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि नुकसान की तुलना में वर्तमान नीति के हिसाब से काफी कम मुआवजा मिल पाता है। सरकार उन्हें उचित मुआवजा देने के पक्ष में है। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से कहा कि सरकार अपने नियमों में बदलाव लाएगी जिससे प्रभावित लोगों को अधिकतम 10 लाख रुपए तक मुआवजा मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कमला मार्केट में साथ गये अधिकारियों को इससे संबंधित प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। कमला मार्केट स्थित कूलर मार्केट में अक्टूबर में लगी आग से कई दुकानें जल गईं थी। मुख्यमंत्री के साथ इस दौरे में दिल्ली सरकार में मंत्री इमरान हुसैन, चांदनी चौक से विधायक अलका लांबा और करोलबाग से विधायक विशेष रवि भी थे। मुआवजे की राशि बढ़ाने से व्यापारियों को राहत मिलेगी। नई नीति को मंजूरी मिलने के बाद आपदा की वजह से प्रभावित व्यक्ति को अधिकतम 10 लाख रुपए या नुकसान का 50 फीसदी (जो भी कम हो) मिल सकेगा।

अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।

Desk Team