सोशल मीडिया पर छाई ‘तरुण फॉर जस्टिस’ की कांवड़

Summary :

Kanwar Yatra : सावन का महीना शुरू होते ही हजारों शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। हर साल अलग-अलग थीम वाली कांवड़ लोगों का ध्यान खींचती हैं, लेकिन इस बार पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर से निकली एक कांवड़ सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रही है। इस कांवड़ का नाम ‘तरुण फॉर जस्टिस’ रखा गया है, जिसे देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुट रही है। इस विशेष कांवड़ में भगवान शिव की प्रतिमा के साथ दिवंगत युवक तरुण खटीक की प्रतिकृति भी लगाई गई है। कांवड़ पर “जस्टिस #तरुणखटिक”…

Kanwar Yatra : सावन का महीना शुरू होते ही हजारों शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। हर साल अलग-अलग थीम वाली कांवड़ लोगों का ध्यान खींचती हैं, लेकिन इस बार पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर से निकली एक कांवड़ सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रही है। इस कांवड़ का नाम ‘तरुण फॉर जस्टिस’ रखा गया है, जिसे देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जुट रही है।

इस विशेष कांवड़ में भगवान शिव की प्रतिमा के साथ दिवंगत युवक तरुण खटीक की प्रतिकृति भी लगाई गई है। कांवड़ पर “जस्टिस #तरुणखटिक” और “होली हत्या कांड तरुण खटीक” जैसे संदेश लिखे गए हैं। परिवार का कहना है कि होली के दिन हुई तरुण की हत्या ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। उनका आरोप है कि घटना के बाद भी उन्हें अभी तक न्याय का एहसास नहीं हुआ है। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन उनका मानना है कि जब तक दोषियों को अदालत से कड़ी सजा, विशेषकर फांसी की सजा नहीं मिलती, तब तक तरुण को पूरा इंसाफ नहीं मिलेगा।

इसी भावना के साथ उन्होंने इस बार की कांवड़ यात्रा को न्याय की मांग से जोड़ दिया है। हरिद्वार से लौट रही इस अनोखी कांवड़ के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग इसे श्रद्धा और न्याय की मांग का अनोखा संगम बता रहे हैं। कई श्रद्धालु रास्ते में रुककर कांवड़ के साथ तस्वीरें और वीडियो भी बना रहे हैं। सावन के इस पावन महीने में दिल्ली से निकली कई थीम आधारित कांवड़ चर्चा में हैं, लेकिन ‘तरुण फॉर जस्टिस’ कांवड़ सबसे अलग नजर आ रही है। यह केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि एक परिवार की न्याय की पुकार को भी लोगों तक पहुंचा रही है। हालांकि, मामले में अंतिम फैसला अदालत को करना है और न्यायिक प्रक्रिया अभी जारी है।

Sumant Chaudhary