केजरीवाल सरकार द्वारा 1 सप्ताह तक बढ़ाए गए लॉकडाउन के फैसले का कैट ने किया स्वागत

Summary :

राजधानी दिल्ली में कोरोना के बिगड़ते हालात के मद्देनजर राज्य सरकार ने सूबे में लगे लॉकडाउन को और एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया है।

राजधानी दिल्ली में कोरोना के बिगड़ते हालात के मद्देनजर राज्य सरकार ने सूबे में लगे लॉकडाउन को और एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से इसकी घोषणा करने के बाद कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने इसका स्वागत किया है।कैट के अनुसार, ‘दिल्ली में गंभीर होते हालात को देखते हुए दिल्ली में लॉकडाउन बढ़ाने की आवश्यकता थी।
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा, “अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं की गैर-उपलब्धता, ऑक्सीजन की अत्यधिक कमी, आवश्यक दवाओं की अनुपलब्धता और दिल्ली में अपंग हो चुके चिकित्सा ढांचे के मद्देनजर लॉकडाउन लगाना जरूरी हो गया था।’
इसी बीच सरकार को सहायता देने के लिए भी कैट ने कदम बढ़ाए हैं ताकि दिल्ली सरकार पर दबाव कुछ कम हो सके, जिसके लिए कैट ने दिल्ली में ऑक्सीजन बैंक बनाने का फैसला किया है और इस जनहित योजना के तहत ऑक्सीजन एकत्रित करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
खंडेलवाल ने कहा,”वर्तमान गंभीर कोविड संकट के मद्देनजर, हमारे पास कोविड से सुरक्षा के लिए अपनी दुकानों को बंद रखने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं है। दुकानों के खुलने की स्थिति में व्यापारी या उनके कर्मचारी कोविड संक्रमण की चपेट में आ सकते हैं, जिससे आगे चलकर उनके परिवारों तक वायरस पहुंच सकता है। लॉकडाउन काफी हद तक कोरोना संक्रमण रोकने में कामयाब होगा।”

Desk Team