नयी दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यहां पुलिस और वकीलों के बीच गतिरोध को ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ करार देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि यथाशीघ्र स्थिति में सुधार होना चाहिए।
केजरीवाल ने यहां एक कार्यक्रम में संवाददाताओं से कहा,‘‘लोगों को न्याय दिलाने में वकील मदद करते हैं और पुलिस उन्हें सुरक्षा प्रदान करती है इसलिए ये दोनों ही समाज के लिए अहम हैं। दोनों के बीच झड़प बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। स्थिति में जल्द से जल्द सुधार होना चाहिए।’’
गौरतलब है कि दो नवंबर को तीस हजारी अदालत परिसर में पार्किंग के मुद्दे पर वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हुई थी। देखते ही देखते इस घटना ने एक बड़ा रूप ले लिया और हजारों की संख्या में पुलिसकर्मियों और उनके परिजन ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया।
शीर्ष अधिकारियों के आश्वासन पर पुलिसकर्मियों ने 11घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त किया था। इस बीच, सभी छह जिला अदालतों में वकीलों ने बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी काम नहीं किया।


Download Android App
Download iOS App



