केजरीवाल सीएए को लेकर लोगों को कर रहे भ्रमित : विजेन्द्र गुप्ता

Summary :

विजेन्द्र गुप्ता ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वे नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर लोगों में भ्रम फैलाने और उन्हें डराने का काम कर रहे हैं।

नई दिल्ली : नेता विपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वे नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर लोगों में भ्रम फैलाने और उन्हें डराने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल कह रहे हैं कि सभी में डर है कि उन्हें साबित करना पड़ेगा कि वे देश के नागरिक हैं। 
उन्हें देश छोड़कर जाने को कहा जाएगा। उन्हें चिंता है कि उनके साथ क्या होगा, जबकि आज सुबह ही भारत सरकार ने विज्ञापन देकर जनता से अनुरोध किया कि वे अनिधिनियम के बारे में गलत सूचना से भ्रमित न हों। सरकार ने स्पष्ट किया कि अफवाह और गलत सूचनाएं किसी भी तरह से सच नहीं हैं। यह अधिनियम भारतीय नागरिक या किसी धर्म विशेष पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं डालेगा। 
केजरीवाल इसके ठीक उलट लोगों को डरा रहे हैं। विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में केजरीवाल अपने दायित्व को भूलकर वे खुद अपने राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए जानबूझकर जनता को भड़का रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को चेतावनी दी कि वे इस अधिनियम को लेकर अपनी राजनीतिक रोटियां न सेंके।

Desk Team