नई दिल्ली : जनसंवाद यात्रा के दौरान आप ने रविवार को सीलमपुर में जनसंवाद किया गया। इसमें विधायक हाजी इशराक खान समेत सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि पांच साल पहले आपने अरविंद केजरीवाल को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाया था। उन्होंने हमें आपके पास भेजा है ताकि जनता के बीच जाकर जनता के कामों का हिसाब-किताब किया जा सके।
राय ने कहा कि हम नकारात्मक राजनीति नहीं करते, हमारी राजनीति सकारात्मक है इसलिए हम सिर्फ अच्छे कामों की ही चर्चा करेंगे। इसी क्रम में उन्होंने भाजपा पर सवाल करते हुए पूछा कि पांच साल की अपनी सरकार के दौरान भाजपा ने जनता के हित में कौन-कौन से काम किए ? इसके बाद उन्होंने लोगों से 15 साल में शीला दीक्षित की सरकार द्वारा किए गए कामों के बारे में पूछा। दर्शक दीर्घा में बैठे एक व्यक्ति ने कहा कि फ्लाईओवर बनवाए, कॉमनवेल्थ के दौरान दिल्ली की सड़कों को बेहतर किया गया।
इन दो कामों के अलावा वहां आए लोगों में से किसी ने भी कोई और काम नहीं बताया। फिर से गोपाल राय ने उन लोगों को शांत कराया जो कांग्रेस के जमाने में बढ़ी हुई बिजली बिल और कॉमनवेल्थ घोटाले के बारे में बता रहे थे। इसके बाद राय ने लोगों से पूछा कि बीते साढ़े चार साल में दिल्ली सरकार ने जनता के लिए क्या किया। इस सवाल का जवाब देने के लिए दर्जनों हाथ उठ गए। सबसे पहले एक महिला ने बताया कि सीएम ने दिल्ली में 24 घंटे बिजली की उपलब्धता, 200 यूनिट तक की बिजली मुफ्त, 20,000 लीटर तक पानी मुफ्त आदि काम कराए।
एक दूसरे व्यक्ति ने बताया कि दिल्ली में नयी पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए सरकारी स्कूलों का जो कायापलट हुआ है वह देश में कहीं नहीं हुआ। इसके बाद एक व्यक्ति ने स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बुनियादी बदलाव को रेखांकित करते हुए मोहल्ला क्लीनिक और सरकारी अस्पतालों में इलाज की मुफ्त व्यवस्था की तारीफ की। जनसंवाद के दौरान सीलमपुर विधानसभा में 36 मंडल प्रभारियों को नियुक्तिपत्र प्रदान किया गया।


Download Android App
Download iOS App



