भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने मंगलवार को सोशल मीडिया के माध्यम से केजरीवाल सरकार की आरोप प्रत्यारोप की राजनीति को दिल्ली की जनता के सामने उजागर किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है और केजरीवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दुनिया को वो झूठ परोस रहे हैं, जो उन्होंने कभी किया ही नहीं। केंद्र सरकार और दिल्ली के सभी सांसदों के अथक प्रयासों के कारण दिल्ली से प्रदूषण के स्तर में कमी आई है, लेकिन इस बात का श्रेय लेने की होड़ में केजरीवाल ने अपने तमाम संसाधनों को झोंक दिया है।
मैं केजरीवाल से पूछना चाहता हूं कि प्रदूषण कम करने को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार ने क्या-क्या काम किया और उनका क्या योगदान है, जनता को बताएं। जहरीली होती वायु और घुट रहे दम के कारण दिल्ली में रह रहे बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित है। लेकिन केजरीवाल पड़ोसी राज्यों पर दोषारोपण करके खुद को बेकसूर साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता साजिश करने में जुटे हुए हैं और झूठे वीडिओ जारी करके लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
केजरीवाल पराली को जलाने से होने वाले प्रदूषण के लिए राज्य सरकारों पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने कभी पराली से होने वाले प्रदूषण से निपटने की कोई ठोस योजना नहीं बनाई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री को हर नागरिक के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए प्रदूषण से निपटने को आपातकाल बैठक बुलानी चाहिए। लेकिन केजरीवाल सरकार गंभीर नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



