राजधानी दिल्ली में चल रही कोरोना वायरस की तीसरी लहर के कारण कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में बढ़ते आंकड़ों को रोकने के लिए केजरीवाल सरकार ने गुरुवार को यह साफ कर दिया कि अगर जरूरत पड़ी तो दिल्ली में भी नाइट या वीकेंड कर्फ्यू लगाया जा सकता है।
अन्य शहरों की तरह दिल्ली में भी नाइट या वीकेंड कर्फ्यू लगाने की योजना को लेकर हाईकोर्ट के सवाल पर आप सरकार की तरफ से प्रतिक्रिया देते हुए कहा गया कि सरकार ने किसी भी प्रकार के कर्फ्यू को लागू करने पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है, लेकिन यह COVID-19 स्थिति के आधार पर विचाराधीन है। हाईकोर्ट ने दिल्ली सरकार से पूछा कि शादी समारोह में 50 ही लोग शामिल हों, यह सुनिश्चित करने के लिए क्या दिशानिर्देश लागू किए गए हैं? कोर्ट ने सरकार से यह भी पूछा कि सरकार यह भी बताए कि जुर्माने के पैसों का आपने क्या किया?
इसके साथ ही हाई कोर्ट ने कहा कि कोविड-19 नियमों का उल्लंघन करने वालों से नकद जुर्माना वसूलने के बजाय एक पोर्टल बनाएं और जुर्माने से वसूली गई रकम का किसी अच्छे काम में इस्तेमाल करें। हाईकोर्ट ने कहा कि कई लोगों की जान जाने और अदालत द्वारा फटकार लगाने के बाद दिल्ली सरकार ने आरटी-पीसीआर टेस्ट संख्या में वृद्धि की है।
बता दें कि दिल्ली में कोरोना वायरस (कोविड-19) के नए मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वालों की संख्या अधिक रहने से एक्टिव मामलों में कमी आई है। बुधवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, दिल्ली में 24 घंटों के दौरान 5246 नए मामले सामने आए। वहीं इस दौरान कोरोना मुक्त होने वालों की संख्या 5361 रही, जबकि 99 और लोगों की मौत होने से मृतकों का कुल आंकड़ा 8720 तक पहुंच गया।


Download Android App
Download iOS App



