दिल्ली में कोरोना की तीसरी लहर दे रही दस्तक? केजरीवाल ने की ओमीक्रॉन की स्थिति पर बैठक

Summary :

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना वायरस और इसके नए स्वरूप ओमीक्रॉन संक्रमण के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर गुरुवार को एक बैठक की।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोरोना वायरस और इसके नए स्वरूप ओमीक्रॉन संक्रमण के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर गुरुवार को एक बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों को पूरा करने के निर्देश दिये। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इन निर्देशों में घरों में एक लाख से अधिक संक्रमित व्यक्तियों को पृथक-वास में रखने की स्थिति में उन पर निगरानी रखने की क्षमता विकसित करना भी शामिल है।
CM केजरीवाल ने जरूरी उपकरणों की पूर्ति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश 
बैठक में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। एक सूत्र ने बताया, ‘‘मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि भले ही मामलों की संख्या फिलहाल कम है, लेकिन दवाओं, ऑक्सीजन टैंकर, ऑक्सीमीटर के भंडार सहित अन्य सभी आवश्यक चीजों की तैयारी 24 घंटे में पूरी कर ली जानी चाहिए।”
ओमीक्रॉन के लक्षण हल्के, अस्पताल में भर्ती होने की संभावना नहीं
उन्होंने कहा कि बैठक में यह बताया गया कि कोरोना वायरस से संक्रमित नये मरीजों में लक्षण हल्के हैं और ज्यादातर मामलों में अस्पताल में भर्ती होने की संभावना नहीं है, इसलिए लोगों को घरों में पृथक-वास में इलाज कराने की तैयारी को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सूत्र ने कहा, “मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि तैयारी ऐसी हो कि आने वाले दिनों में संक्रमण के मामले बढ़े तो घरों में पृथक-वास में एक लाख से अधिक मामलों पर नजर रखी जा सके।”
सरकार की तरफ से आश्वासन देने के लिए किया जाए कॉल 
उन्होंने बताया कि यह भी निर्देश दिया गया कि लोगों में घबराहट न फैले, इसके लिए कोविड-19 की जांच से गुजरने वाले हर व्यक्ति को सरकार की तरफ से फोन कर आश्वासन दिया जाना चाहिए कि अगर वे संक्रमित मिलते हैं तो तमाम जरूरी मदद एवं इलाज उन्हें मिलेगा।
दिल्ली में कोविड-19 संक्रमण के नये मामले बढ़ने लगे हैं। दिल्ली सरकार की ओर से बुधवार को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में 125 मामले सामने आने की जानकारी दी गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, दिल्ली में ओमीक्रॉन से संक्रमित लोगों की संख्या गुरुवार को 64 हो गई है जो कि बुधवार को 57 थी।

 राम नाम पर ‘भ्रष्टाचार’, प्रियंका ने जमीन घोटाले में जांच के आदेश को बताया महज ‘दिखावा’

Desk Team