अनधिकृत कॉलोनियों का बिल लोकसभा में पास होने के उपरान्त शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, सांसद विजय गोयल, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश वर्मा ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान अनधिकृत कॉलोनियों को पास करने संबंधी एक वीडियो दिखाई गई, जिसमें केजरीवाल 2013 से 2019 तक बार-बार अनधिकृत कॉलोनियों को पास करने का दावा करते दिखाई दे रहे हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली की अनधिकृत कॉलोनियों को पास करने का काम दिल्ली के लोगों को खुशी देने के लिए किया गया है, लेकिन केजरीवाल 2013 से इस पर राजनीति कर रहे हैं। अनधिकृत कॉलोनियों के बिल पर चर्चा में आप सांसद भगवंत मान ने हिस्सा लिया, लेकिन जब वोट देने की बारी आई तो वे सदन छोड़कर चले गए।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद इससे पहले दावा करते थे कि अनधिकृत कॉलोनियों का बिल लिस्टेड ही नहीं है, लेकिन संसद में बिल पास होने के बाद अब केजरीवाल का असली चेहरा दिल्ली की जनता के सामने आ गया है। राज्यसभा सांसद विजय गोयल ने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों का बिल पास होने से यहां रहने वाले लोगों को न तो इनकम टैक्स और न ही राजस्व के लोग परेशान कर सकते हैं।
कोर्ट में भी कोई इसे चुनौती नहीं दे सकता है। केजरीवाल पांच सालों से दिल्ली का नुकसान कर रहे हैं। सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों का बिल पास होने के बाद केजरीवाल के पास अब कुछ भी कहने को नहीं बचा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति से इन कॉलोनियों को पास कर दिया गया है।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि अनधिकृत कॉलोनी निवासियों ने चाहे कितनी भी कीमत पर प्लाॅट खरीदा था और आज उसकी कीमत कितनी भी बढ़ गई है, उसके रजिस्ट्रेशन पर केन्द्र सरकार ने 100 फीसदी कैपिटल गेन टैक्स माफ कर दिया है।


Download Android App
Download iOS App



