दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को मंत्री कैलाश गहलोत से जुड़े परिसरों पर आयकर विभाग की छापेमारी के बाद कहा कि दिल्ली सरकार को ”लगातार परेशान” करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनता से माफी मांगनी चाहिए। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के परिवहन मंत्री गहलोत से जुड़े कई परिसरों पर कथित कर चोरी मामले की जांच के सिलसिले में बुधवार सुबह आयकर विभाग ने छापेमारी की।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, ”नीरव मोदी और माल्या से दोस्ती और हम पर छापेमारी? मोदीजी आपने मुझ पर, सत्येंद्र और मनीष पर छापे पड़वाए, उनका (छापों का) क्या हुआ? इनमें कुछ नहीं निकला। इसलिए आप एक और छापेमारी से पहले दिल्ली के लोगों द्वारा चुनी गई सरकार को परेशान करने के लिए उनसे माफी मांग लें।”
नीरव मोदी, माल्या से दोस्ती और हम पर रेड?
मोदी जी, आपने मुझ पे, सत्येन्द्र पे और मनीष पे भी तो रेड करवाई थीं? उनका क्या हुआ? कुछ मिला? नहीं मिला? तो अगली रेड करने के पहले दिल्ली वालों से उनकी चुनी सरकार को निरंतर परेशान करने के लिए माफ़ी तो माँग लीजिए? https://t.co/GUGEb0dwL5
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) October 10, 2018
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में कम से कम 16 स्थानों पर छापेमारी की गई। आम आदमी पार्टी ने इस छापेमारी को खबर के लिए की गई कार्रवाई बताया।
आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग समेत केंद्रीय एजेंसियों से कहा कि आप नेताओं और मंत्रियों के यहां छापेमारी के दौरान भ्रष्टाचार से संबंधित कुछ भी मिलता है तो उसका खुलासा किया जाए। उन्होंने कहा, ”पहले भी छापेमारी की ऐसी कार्रवाई हुई हैं। लेकिन उनमें कुछ हासिल नहीं हुआ और न ही कोई आरोप पत्र दायर किया गया।”


Download Android App
Download iOS App



