नई दिल्ली : मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया से माफी मांगने पर शुरू हुए बवाल के बाद पार्टी नेता दिल्ली के गढ़ को बचाने में जुट गई है। इसी कड़ी में रविवार को मुख्यमंत्री आवास पर उच्च स्तरीय बैठक हुई। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में उपमुख्यमंत्री सहित अन्य आप के बड़े नेता व विधायक-पूर्व विधायक पहुंचे। करीब 1-1:30 घंटे चली इस बैठक में दिल्ली में विस्तार, पार्टी को मजबूत करने सहित अन्य विषयों पर चर्चा हुई।
हालांकि सूत्रों का दावा है कि कुछ नेताओं ने माफी पर अपनी आपत्ति भी जताई। लेकिन बाहर आने के बाद विधायकों ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि मुख्यमंत्री ने कुछ भी कहने से मना किया है। उन विधायकों का दावा है कि मुख्यमंत्री दिल्ली में पार्टी के विस्तार के साथ और मजबूत स्थिति करने के लिए काम कर रहे हैं। बैठक के दौरान कुछ विधायकों ने अपनी समस्याएं भी रखी। व
हीं कुछ ने पार्टी को लेकर अपने सुझाव भी दिए। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि यदि संगठन मजबूत होगा, तो विधायक मजबूत होगा। बूथ लेवल तक संगठन को सक्रिय रखना होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार बेहतर काम कर रही है। हमें सभी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के साथ उसे बेहतर ढंग से लागू करवाना है।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



