Khalsa College Annual Award Ceremony: दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) से संबद्ध श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2025–26 का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह शुक्रवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 111 विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। विशेष बात यह रही कि इस वर्ष से 15 नए पुरस्कारों की शुरुआत की गई और कॉलेज की वार्षिक पत्रिका ‘तेग’ का विमोचन भी हुआ।
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू मौजूद रहे। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थान केवल डिग्री देने के केंद्र नहीं हैं, बल्कि वे अनुशासन और मूल्यों के प्रतिबिंब होते हैं। उन्होंने युवाओं को डिजिटल युग में अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़कर नवाचार के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं विशिष्ट अतिथि और डीएसजीएमसी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने कॉलेज की सेवा और साहस की परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह संस्थान छात्रों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनके चरित्र निर्माण में भी मील का पत्थर साबित हो रहा है।
वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि छात्रों ने शिक्षा
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गुर मोहिंदर सिंह ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि छात्रों ने शिक्षा, शोध, खेल और सामाजिक सेवा में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ विश्वविद्यालय स्तर पर शोध कार्य करने वाले छात्रों की विशेष सराहना की गई। कार्यक्रम का सफल संचालन संयोजक डॉ. गुरदीप कौर सूरा के नेतृत्व में हुआ और धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।
Also Read: Delhi Weather Update: दिल्ली में भीषण गर्मी का प्रकोप, शनिवार के लिए येलो अलर्ट जारी


Download Android App
Download iOS App




