नई दिल्ली: राज्यसभा टिकट बंटवारे के बाद आम आदमी पार्टी (आप) में कुमार विश्वास के कद घटने को लेकर लगाई जा रही आशंकाओं को पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा उम्मीदवार संजय सिंह ने काफी हद तक विराम दे दिया है। गुरुवार को राज्यसभा का नामांकन भरने के दौरान लोगों की बधाई लेते हुए एक सवाल के जवाब में सिंह ने कहा कि कुमार विश्वास को लेकर लगायी जा रही सारी आशंकाएं आधारहीन हैं। उन्होंने कहा कि विश्वास हमारे साथी हैं ओर साथी रहेंगे।
लोग पार्टी में उनके कद को लेकर बेकार में ही कयास लगा रहे हैं। इसके बाद आप के राज्यसभा उम्मीदवारों संजय सिंह, सुशील गुप्ता, एनडी गुप्ता ने दरियागंज स्थित उपायुक्त (राजस्व) कार्यालय में अपना नामांकन भरा। इस दौरान उनके साथ पार्टी के नेता आशुतोष भी नजर आए। नामांकन के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में खासा जोश नजर आया। इस मौके पर संजय सिंह के साथ खुली गाड़ी में उनके पारिवार के सदस्य और पार्टी के वरिष्ठ नेता आशुतोष भी नजर आए। पार्टी कार्यालय से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी नेता संजय सिंह, एनडी गुप्ता और सुशील गुप्ता नामांकन करने के लिए दरियागंज स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंचे।
इससे पहले तीनों उम्मीदवार पार्टी राष्ट्रीय कार्यालय पहुंचे जहां नामांकन पर्चा दाखिल करने से पहले उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनसे संवाद किया। बता दें कि दिल्ली से राज्यसभा की तीन सीटें हैं जिनके चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 5 जनवरी है। बता दें कि संजय सिंह आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं और लंबे वक्त से पार्टी संगठन का काम देख रहे हैं। संजय सिंह के साथ-साथ एनडी गुप्ता और सुशील गुप्ता सीए हैं और वे दो साल से पार्टी की फंडिंग देख रहे हैं। वो जीएसटी और अर्थव्यवस्था से जुड़े मामलों के जानकार माने जाते हैं। वहीं, सुशील गुप्ता बड़े कारोबारी हैं उनके कई स्कूल और हॉस्पिटल हैं। पार्टी का कहना है कि वो दिल्ली और हरियाणा में कई चैरिटिबल स्कूल भी चलाते हैं।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अख़बार।


Download Android App
Download iOS App



