पश्चिमी दिल्ली : उत्तर-पश्चिमी जिले केशवपुरम इलाके में एक महिला डॉक्टर ने जहरीला पदार्थ पीकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। साथ ही पुलिस महिला के परिजनों का आने का इतजार कर रही है। मामले की जांच एसडीएम को सौंप दी है। सोमवार को एसडीएम महिला के परिजनों के बयान दर्ज करेगें। जानकारी के अनुसार मृतक महिला की पहचान सतवंत के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ केशवपुरम इलाके में किराये के मकान में रहती थी।
मूलरूप से पंजाब के फरीदकोट की रहने वाली थी। वहीं के रहने वाले हेमंत से पिछले वर्ष ही 21 नवंबर को सतवंत की शादी हुई थी। दोनों के परिवार पंजाब में एक आश्रम में मिले थे। जहां से दोनों का रिश्ता तय हुआ था। हेमंत एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। सूत्रों की मानें तो सतवंत ने एमडी की परीक्षा दी थी। जिसमें वह फेल हो गई थी। सतवंत तभी से मानसिक रूप से काफी परेशान चल रही थी। सूत्र बताते हैं कि 22 जनवरी को वह अपने ससुराल हेमंत के साथ गई थी। 25 जनवरी को वह वापस हेमंत के साथ लौट आई थी। 26-27 की रात को उसने अचानक घर में ही जहरीला पदार्थ पी लिया। परिजनों ने उसे कमरे में मुंह से झाग निकलता देखकर अस्पताल दाखिल कराया। हालत नाजुक होती देखकर सतवंत को ए स में रेफर कर दिया।
जहां डॉक्टरों ने उसे शनिवार शाम मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मामले की सूचना मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। सूत्रों ने बताया कि सतवंत अपनी एमडी की पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर थी। उसकी तमन्ना थी कि वह एमडी की परीक्षा में अच्छे नंबर से पास हो। उसकी पढ़ाई को लेकर हेमंत भी गंभीर था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोमवार को शव का पोस्टमार्टम होगा । मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सतवंत के परिजनों के बयान दर्ज करेंगे। लेकिन शुरूआती जांच में ऐसा कुछ सामने नहीं आया है। पुलिस परिजनों से पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मृतका कहां से जहरीला पदार्थ लाई थी।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



