तीस हजारी अदालत परिसर में वकीलों और पुलिस के बीच झड़प के दो दिन बाद अब साकेत अदालत के बाहर सोमवार को वकीलों द्वारा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी की कथित तौर पर पिटाई किये जाने की घटना सामने आयी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कथित घटना के एक वीडियो में, वकील एक बाइक पर सवार पुलिसकर्मी को पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। वकीलों में से एक को पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारते भी देखा गया।
जब पुलिसकर्मी घटनास्थल से जा रहे थे, तब वकील ने उनके हेलमेट को उनकी बाइक पर भी मारा। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘साकेत अदालत में एक पुलिसकर्मी को वकीलों ने पीटा। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।’’
गौरतलब है कि शनिवार को यहां तीस हजारी अदालत परिसर में वकीलों और पुलिस के बीच झड़प हो गई थी, जिस दौरान कम से कम 20 पुलिसकर्मी और कई वकील घायल हो गए, जबकि कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई या उनमें आग लगा दी गई।


Download Android App
Download iOS App



