राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में गुरुवार सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन इससे तापमान में गिरावट नहीं हुई और लोगों को झुलसती गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, क्षेत्र में 2.4 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है।
गुरुवार के दिन बादल छाए रहने के आसार हैं और शहर में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली, पानीपत, करनाल, गन्नौर, बागपत, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, गोहाना, गन्नौर, बड़ौत, जींद, झज्जर, फारुखनगर, गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, पलवल, नोएडा, ग्रेटर नोएडा में हल्की बारिश की संभावना है।

साथ ही बल्लभगढ़, मेरठ, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, हापुड़, महेंद्रगढ़, नूंह, सोहना, भिवारी, कोसली, हिसार, नरौरा, जट्टारी, अलीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम बारिश के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी। इस बार मानसून आने में देरी हो चुकी है और इसके रविवार के आसपास दिल्ली पहुंचने की संभावना है। गुरुवार को क्षेत्र का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस था, जो कि मौसम के औसतन तापमान से तीन डिग्री अधिक है।
वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 31.2 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है। क्षेत्र में सुबह 8.30 बजे आद्र्रता 63 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं, बुधवार को भी अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।


Download Android App
Download iOS App



