दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की पूर्व अध्यक्ष अमृता धवन दक्षिणपश्चिम दिल्ली में कथित तौर पर लूट की शिकार हो गईं। पुलिस ने शनिवार को बताया कि एक गिरोह के सदस्यों ने उनकी कार का टायर पंक्चर होने का इशारा कर उनका ध्यान भटका कर इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि धवन के मुताबिक वह शुक्रवार शाम कार से जा रही थी जब स्कूटर पर सवार दो लोगों ने उनकी कार के टायर की ओर इशारा किया। वह यह देखने के लिए नीचे उतरी कि टायर में क्या समस्या आ गई।
अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि वह जब टायर देख रहीं थी तब दो अन्य लोग स्कूटर से आए और कार की पिछली सीट पर रखा उनका पर्स लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन वे पर्स लेकर भागने में कामयाब हो गए। पर्स में 60,000 रुपये थे।
धवन ने दिल्ली कैंट पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने कहा कि वह मामले की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



