भीड़ देख बौखलाई भाजपा और आप : लवली

Summary :

अरविंदर सिंह लवली ने कहा है कि गुरुवार को रामलीला मैदान में कांग्रेस की जनसभा में राहुल गांधी की हुंकार सुनने पहुंची भीड़ देखकर भाजपा और आप बौखला गई है।

नई दिल्ली : पूर्वी दिल्ली से कांग्रेस प्रत्याशी अरविंदर सिंह लवली ने कहा है कि गुरुवार को रामलीला मैदान में कांग्रेस की जनसभा में राहुल गांधी की हुंकार सुनने पहुंची भीड़ देखकर भाजपा और आप बौखला गई है। आखिर इतनी भीड़ तो दिल्ली गेट के रामलीला मैदान में पीएम मोदी की जनसभा में भी नहीं पहुंची थी। भीड़ का माहौल ऐसा था कि जितने लोग गीता कालोनी के रामलीला मैदान में थे, उससे कहीं ज्यादा बाहर थे।

लवली ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ भारी संख्या में पूर्वी दिल्ली के लोग भी राहुल गांधी को सुनने पहुंचे थे। लोगों का जोश देखकर यह साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि 12 मई को क्या होने वाला है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों से भाजपा सांसद महेश गिरी ने पूर्वी दिल्ली के लिए कुछ नहीं किया। फिर गौतम तो क्रिकेटर हैं, वह भला यहां की जनता के हाथ कहां आएंगे। लोगों से वोट लेने के बाद वह नजर नहीं आएंगे।

लवली ने कहा कि वह 30 साल से भी ज्यादा समय से दिल्ली की सेवा कर रहे हैं। आखिर अचानक से चुनावी मैदान में आए लोगों को पूर्वी दिल्ली के लोग वोट क्यों देंगे। जिस तरह आईपीएल से निराश होकर गंभीर को लौटना पड़ा, वही हाल पूर्वी दिल्ली लोकसभा के चुनाव में उनका होगा। लवली ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों का भरोसा तोड़ा है। अब दिल्ली के लोग उन्हें सबक सिखाएंगे।

Desk Team