दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने मंगलवार को एक विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया और कहा कि राष्ट्रीय राजधानी को अपनी साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर ध्यान देना चाहिए ताकि जी-20 की बैठकों में शामिल होने वाले मेहमान शहर की ‘अच्छी यादें’ अपने साथ ले जा सकें।
भारत एक दिसंबर, 2022 से 30 नवंबर, 2023 तक एक वर्ष के लिए जी 20 की अध्यक्षता करेगा।
प्रभावशाली समूह की साल भर की अध्यक्षता के दौरान भारत के 200 से अधिक जी 20 बैठकों की मेजबानी करने की उम्मीद है, जिसका समापन अगले साल नौ और 10 सितंबर को वार्षिक शिखर सम्मेलन के साथ होगा।
सक्सेना ने मायापुरी इलाके से ‘ऑपरेशन क्लीन दिल्ली’ की शुरुआत की। इस अभियान के तहत प्रत्येक क्षेत्र में प्रत्येक सप्ताह कम से कम चार वार्ड शामिल होंगे और एक महीने में आरडब्ल्यूए और बाजार संघों के समन्वय से विभिन्न स्वच्छता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
जी-20 शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए सक्सेना ने कहा कि दुनिया भर से विदेशी मेहमान भारत की राजधानी की यात्रा पर आएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हमें दिल्ली की सफाई और सौंदर्यीकरण पर ध्यान देना चाहिए ताकि मेहमान अपने साथ हमारे शहर की एक अच्छी छवि अपने मन में बसाकर ले जाएं।’’
उन्होंने कहा कि इस प्रयास में ‘सफाई सैनिकों’ के योगदान के साथ-साथ नागरिकों के सक्रिय सहयोग और भागीदारी की बहुत जरूरत है।
दिल्ली नगर निगम ने एक बयान में कहा कि स्वच्छता अभियान के आरंभ के बाद उपराज्यपाल ने सुभाष नगर में एक नवनिर्मित बहु-स्तरीय कार पार्किंग सुविधा और एक सामुदायिक हॉल का भी उद्घाटन किया।


Download Android App
Download iOS App



