पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने मंगलवार को अपने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे उनकी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी (पीटीआई) और देश की सेना के बीच टकराव की साजिश कर रहे हैं।
खान ने घोषणा की है कि उनका मकसद मार्च के जरिए हकीकी आजादी (वास्तविक आजादी) हासिल करना है। खान के अनुसार, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव तुरंत कराये जाने पर ही हकीकी आजादी संभव है और वह देश के प्रतिष्ठान (सेना) के खिलाफ नहीं हैं।
‘हकीकी आजादी मार्च’ के पांचवें दिन गुजरांवाला में खान ने अपने समर्थकों को संबोधित किया। इस दौरान खान ने अपने राजनीतिक विरोधियों – पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी के खिलाफ तीखा हमला जारी रखा।
खान ने आरोप लगाया,’वे लोग देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी पीटीआई और सेना के बीच टकराव की साजिश कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘नवाज शरीफ, मैं आपको चुनौती देता हूं, जब आप वापस आएंगे तो मैं आपको आपके ही निर्वाचन क्षेत्र में पराजित कर दूंगा।’
उन्होंने तीन बार के पूर्व प्रधानमंत्री को चेतावनी दी कि जब वह पाकिस्तान लौटेंगे, तो ‘हम आपको हवाई अड्डे से अदियाला जेल ले जाएंगे।’’
खान ने पूर्व राष्ट्रपति और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के नेता जरदारी पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्हें भुट्टो-जरदारी परिवार के पारंपरिक गढ़ सिंध में उनके (खान) आगमन के लिए तैयार रहना चाहिए। खान ने कहा, ‘‘जरदारी ध्यान से सुनो, मैं सिंध आ रहा हूं।’’
शरीफ ने खान के इस मार्च पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी 2,000 लोगों की भीड़ भी नहीं जुटा पा रही है, जबकि 10 लाख लोगों को जमा करने का दावा कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



