Luthra Brothers Arrived In Delhi: नॉर्थ गोवा के नाइटक्लब में हुए अग्निकांड में आरोपी लूथरा भाइयों को थाईलैंड में हिरासत में लिए जाने के बाद मंगलवार को दिल्ली लाया गया। एयरपोर्ट पर आग से तबाह हुए ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा चेहरे पर मास्क लगाकर दिखाई दिए। गोवा पुलिस ने आरोपियों की फोटो जारी की। दिल्ली पहुंचते ही गोवा पुलिस ने दोनों भाइयों को हिरासत में ले लिया। इससे पहले भारतीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के अनुरोध पर थाई अधिकारियों ने लूथरा भाइयों को हिरासत में लिया था।

Luthra Brothers Arrived In Delhi: अदालत में पेश होंगे लूथरा ब्रदर्स
दोनों को ट्रांजिट रिमांड के लिए दिल्ली की एक अदालत में पेश किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें मामले की जांच के लिए गोवा ले जाया जाएगा। गोवा हादसे में पुलिस आबकारी विभाग के अधिकारियों के बयान दर्ज कर रही है। सूत्रों ने बताया कि स्थानीय निकाय से जुड़े व्यक्तियों के बयान भी जांचे जा रहे हैं। जांचकर्ताओं का कहना है कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण और ठोस जानकारियां सामने आई हैं।
उन्होंने बताया कि घटना की जांच के लिए गठित मजिस्ट्रेट जांच समिति ने संपत्ति के मूल मालिक प्रदीप घड़ी अमोणकर से भी पूछताछ की है। सूत्रों के अनुसार, समिति ने जांच में शामिल होने के लिए 100 से अधिक लोगों को बुलाया है और अब तक कम से कम 20 व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
Goa Nightclub Fire Update: ‘नाइटक्लब बिना वैध अनुमति के चल रहा था’

11 दिसंबर को दिल्ली की एक अदालत ने लूथरा भाइयों की ओर से दायर अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया था। सुनवाई के दौरान, गोवा पुलिस के वकील अभिनव मुखर्जी ने तर्क दिया था कि दोनों आरोपियों ने कारोबार में अपनी न्यूनतम भागीदारी का झूठा दावा किया था और कहा था कि उनकी विदेश यात्रा पहले से तय थी। पुलिस ने इन दावों का खंडन करने के लिए अदालत के सामने कई दस्तावेज पेश किए, जिसमें सौरभ लूथरा द्वारा दायर एफएसएसएआई और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का आवेदन और जीएसटी रिकॉर्ड शामिल थे, जिसमें दोनों भाइयों और अजय गुप्ता को कारोबार में पार्टनर के रूप में सूचीबद्ध किया गया था।
पुलिस ने अदालत को यह भी बताया कि प्रतिष्ठान का पंचायत लाइसेंस समाप्त हो गया था और इसे कभी रिन्यू नहीं कराया गया था और नाइटक्लब बिना वैध अनुमति के चल रहा था।
यह भी पढ़ें: गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा जाफराबाद, 40 राउंड फायरिंग, 2 सगे भाईयों की मौत, जांच में जुटी पुलिस


Download Android App
Download iOS App




